घोटालेबाजों की छुट्टी की घंटी बजाने हर बूथ तैयार-डॉ. रमन

रायपुर(realtimes) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा मेरा बूथ सबसे मजबूत कार्यक्रम में दिए गए उद्बोधन को छत्तीसगढ़ प्रदेश भाजपा नेताओं कार्यकर्ताओं ने मन की बात कार्यक्रम के प्रसारण की तर्ज पर सामूहिक रूप से सुना। मैक कॉलेज ऑडिटोरियम में आयोजित लाइव प्रसारण कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव वरिष्ठ पदाधिकारी व कार्यकर्तागण शामिल हुए। मेरा बूथ सबसे मजबूत कार्यक्रम में शंकर नगर मंडल में भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह, प्रदेश महामंत्री विजय शर्मा, पूर्व मंत्री चंद्रशेखर साहू, सरगुजा संभाग प्रभारी संजय श्रीवास्तव, किशोर महानंद , प्रदेश प्रवक्ता नलनीश ठोकने, मंडल अध्यक्ष अनूप खेलकर, हरीश ठाकुर व वरिष्ठ कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने प्रधानमंत्री का संवाद कार्यक्रम सुनने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि घोटालेबाजों की छुट्टी की घंटी बजाने हर बूथ तैयार है। भाजपा के कार्यकर्ता अब से कई माह पहले से ही हर एक बूथ को लगातार मजबूत कर रहे हैं। बूथ स्तर पर भाजपा के प्रादेशिक नेताओं के साथ राष्ट्रीय नेताओं तक ने मेहनत की है। यह क्रम लगातार जारी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इन दिनों बूथ की तरफ जा रही है लेकिन उसके नेता अपने कार्यकर्ताओं को यह नहीं समझा पा रहे कि घोटालों से आकंठ डूबी भूपेश बघेल सरकार और गुटबाजी के भंवर में फंसी कांग्रेस की कौन सी सूरत लेकर जनता के बीच जाना है। पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कहा कि कांग्रेस सरकार के तमाम घोटालों की दास्तान को भाजपा कार्यकर्ता हर मतदाता तक पहुंचाएंगे।
हमारा हर बूथ मजबूतः साव
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण साव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संवाद सुनने के बाद कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने बूथ सशक्तिकरण अभियान के दौरान छत्तीसगढ़ में इतनी अधिक मेहनत की है कि छत्तीसगढ़ का हर बूथ बहुत मजबूत है। हमारे कार्यकर्ताओं ने मेरा बूथ सबसे मजबूत के ध्येय के साथ हर बूथ को भाजपा का अभेद्य किला बना दिया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी ने कांग्रेस के त्रिआयामी घोटालों को हम सब के सामने रखा। अब कांग्रेस की इस अपार भ्रष्टाचार गाथा को हमें हर बूथ तक जनता के बीच जाकर बताना है। छत्तीसगढ़ में मनरेगा घोटाला हुआ, गोठान घोटाला हुआ, गोबर घोटाला हुआ, चारा घोटाला हुआ, आवास घोटाला हुआ, डीएमएफ घोटाला हुआ, राशन घोटाला हुआ, केंद्र द्वारा दिये गए अतिरिक्त अनाज का घोटाला हुआ, राइस मिलिंग में चावल घोटाला हुआ, अरबों रुपये का कोल घोटाला हुआ, 2 हजार करोड़ का शराब घोटाला हुआ, पीएससी घोटाला हुआ। कांग्रेस की भूपेश बघेल सरकार तो घोटालेबाजी की वर्ल्ड चैंपियन है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल कांग्रेस के इतिहास में घोटाला किंग के तौर पर दर्ज होने की पात्रता रखते हैं। भाजपा हर बूथ तक कांग्रेस सरकार के घोटालों की तस्वीर लेकर जायेगी।



