
इस दौरान लॉकअप में पुलिस पिटाई का एक वीडियो भी वायरल हुआ था, जिसमें पुलिस हिंसा में शामिल होने के महज़ शक के आधार पर कुछ युवकों को बेरहमी से पीट रही थी। इन गिरफ्तारियों के खिलाफ कई संगठनों ने आवाज उठाई थी। उनका दावा था कि पुलिस ने निर्दोष लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। अब जेल से छूट कर आए इन युवकों में मोहम्मद अली, आसिफ़, अब्दुल समद, गुलफाम, कैफ़ अंसारी, सुब्हान, फुरकान और महराज हैं। इनमें मोहम्मद अली, आसिफ़, सुब्हान और गुलफाम उन युवकों में शामिल थे जिनकी पुलिस द्वारा पिटाई की वीडियो वायरल हुई थी। इन्हें पुलिस ने लॉकअप में बेहरमी से पीटा था, इनमें से किसी का हाथ टूटा तो किसी का पैर। स्थानीय पुलिस ने हालांकि वीडियो सहारनपुर की होने से इंकार किया था, वीडियो सहारनपुर की है या नहीं अब इसमें जांच हो रही है, पूर्व आईपीएस अमिताभ ठाकुर ने इस मामले में मानवाधिकार आयोग में शिकायत की है।



