खास खबर: भाजयुमो की नई कार्यकारिणी में 35 प्लस काे नो एंट्री का बड़ा फरमान - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
State

खास खबर: भाजयुमो की नई कार्यकारिणी में 35 प्लस काे नो एंट्री का बड़ा फरमान

रायपुर(realtimes) प्रदेश भाजयुमो की नई कार्यकारिणी में अब भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या का भी 35 प्लस काे नो एंट्री का फरमान जारी हाे गया है। इसके पहले पिछली बार संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भी 35 प्लस काे न रखने का फरमान जारी किया था, लेकिन तब ओवरएज काे रख लिया गया था। इस समय प्रदेश कार्यकारिणी के साथ जिलाध्यक्षों काे मिलाकर करीब डेढ़ दर्जन पदाधिकारी ओवरएज हैं, इनकाे बाहर का रास्ता दिखाया जाना भी तय है। भाजयुमाे के नए प्रदेशाध्यक्ष रवि भगत का साफ कहना है, राष्ट्रीय अध्यक्ष के निर्देशों के मुताबिक ही इस बार की कार्यकारिणी बनेगी ताकि में किसी भी तरह के विवाद से बचा जा सके। कार्यकारिणी के लिए प्रदेश के सभी बड़े नेताओं से चर्चा करने के बाद इसका ऐलान होगा। इसमें 50 फीसदी नए चेहरे रखे जाने की संभावना है।

भाजपा का पूरा फोकस मिशन 2023 पर है। भाजपा की रणनीति विधानसभा चुनाव में जीत प्राप्त करके फिर से सत्ता में वापसी की है। इसके लिए प्रदेश संगठन में लगातार बदलाव किए जा रहे हैं। प्रदेशाध्यक्ष को बदलने के बाद अब उनकी जो नई कार्यकारिणी बनी है, इसमें भी बड़ा बदलाव किया गया है। 54 सदस्यों की कार्यकारिणी में दो दर्जन नए चेहरे हैं। इसी के साथ कार्यकारिणी से 60 साल से ज्यादा वालों की छुट्टी हो गई है।

ओवरएज हाेंगे आउट

भाजयुमो की पुरानी कार्यकारिणी में राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के 35 साल से ज्यादा वालों को न रखने के निर्देश के बाद कुछ ओवरएज कार्यकर्ताओं को पदाधिकारी बना दिया गया है। इसको लेकर बड़ा विवाद भी हुआ। इस मामले में पूर्व प्रदेश प्रभारी डी. पुरंदेश्वरी ने कार्रवाई की भी तैयारी की थी। सभी पदाधिकारियों की पूरी कुंडली मंगवाई गई थी, लेकिन मामला ठंडे बस्ते में चला गया। लेकिन अब नई कार्यकारिणी को लेकर कहा जा रहा है, इसमें जहां पदाधिकारी अंडर 35 साल वाले ही रहेंगे, वहीं जो ज्यादा उम्र के हैं उनको बाहर का रास्ता दिखाया जाएगा। ऐसे में प्रदेश कार्यकारिणी के कुछ नेताओं के साथ कई जिलाध्यक्ष भी बाहर हो जाएंगे।

सक्रियता होगा बड़ा पैमाना

भाजयुमो में जो बदलाव होगा, उसका सबसे बड़ा पैमाना सक्रियता होगा। दो साल से कार्यकारिणी में शामिल जो भी युवा अब तक कुछ नहीं कर पाए हैं, उनकी विदाई तय है। उनके स्थान पर नए युवाओं को मौका दिया जाएगा। नए अध्यक्ष रवि भगत का कहना है, कार्यकारिणी में प्रदेश की कार्यकारिणी की तरह ही बदलाव होगा। जो युवा ज्यादा ऊर्जा और शक्ति के साथ काम करेंगे उनको माैका दिया जाएगा। कार्यकारिणी में हर वर्ग के साथ हर संभाग के जिलों का संतुलन भी बनाने का प्रयास होगा। उन्होंने कहा, इसी माह के अंत में या फिर अक्टूबर के पहले सप्ताह में कार्यकारिणी घोषित करने की तैयारी चल रही है।

Related Articles

Back to top button