खास खबर: दो साल बाद फिर चाइना की झालरों से पटा बाजार - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
businessState

खास खबर: दो साल बाद फिर चाइना की झालरों से पटा बाजार

रायपुर(realtimes) चाइना से लगता है इस बार कारोबारियों के साथ लोगों की नफरत खत्म हो गई है, तभी तो फिर से चाइना की झालरों से पूरा बाजार पट गया है। इसकी कीमतों में भी 20 फीसदी तक इजाफा भी हो गया है, लेकिन इसके बाद भी ये झालर देशी झालरों से कम कीमत में होने के कारण लोग इसको ही ले रहे हैं।
दो साल पहले चाइना से भारत की ठनने के कारण कारोबारियों ने चाइना के माल का बहिष्कार किया था, ऐसे में लोगों ने दीपावली में सबसे ज्यादा बिकने वाली झालरों को मंगाना बंद कर दिया। ऐसे में देशी झालरों की पूछ परख बढ़ गई। इसी के साथ देशी झालर बनाने वालों को काम भी मिलने लगा। हालांकि देशी झालरों की कीमत चाइना की झालरों से करीब डबल रहती है, लेकिन इसके बाद भी लोगों ने देशी झालरें ही खरीदना पसंद किया। हालांकि तब भी जिनके पास चाइना का पुराना स्टॉक था, वह बेचा गया।
वापस चाइना की झालरें बाजार में
राजधानी रायपुर के साथ ही पूरे प्रदेश में इस साल चाइना की झालरें ही बाजार में बिक रही हैं। बाजार में हर दुकानदार के पास चाइना की झालरें ही हैं। देशी झालरें बहुत कम हैं। दुकानदार कहते हैं, चाइना के बिना झालरों का कारोबार संभव नहीं है। कहने को भले देशी झालरें रहती हैं, लेकिन इनमें बल्ब तो चाइना के ही होते हैं। इसी के साथ इनकी कीमत भी ज्यादा हो जाती है। देशी तारों की कीमत ज्यादा होने से झालर की कीमत भी बढ़ जाती है। यही वजह है कि इस बार फिर से बाजार में चाइना का माल ही बिक रहा है। थोक कारोबारियों के साथ चिल्हर कारोबारियों ने भी भारी मात्रा में चाइना का माल मंगाया है।
कीमत में इजाफा
चाइना की झालरों में भी महंगाई की मार पड़ी है। इनकी कीमत में 20 फीसदी तक का इजाफा हो गया है। जो झालर पहले 50 रुपए में मिलती थी, वह इस बार 60 रुपए में और सौ रुपए वाली झालर 120 रुपए में मिल रही है। बाजार में 60 रुपए से लेकर 600 रुपए वाली झालर हैं। इसी के साथ सबसे कम कीमत वाली झालर 30 रुपए की है, लेकिन इसको लेने वाले अब बहुत कम है, क्योंकि यह झालर एक बार भी नहीं चल पाती है। यह झालर पहले 20 रुपए में मिलती थी, लेकिन अब इसकी कीमत भी बढ़ गई है।

Related Articles

Back to top button