मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
State

कलेक्टर ने गोयल राईस मिल का किया निरीक्षण

रायपुर

मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के कलेक्टर श्री पी.एस. ध्रुव ने जिले में समर्थन मूल्य पर उपार्जित धान की कस्टम मिलिंग की स्थिति का जायजा लेने के लिए अचानक मनेन्द्रगढ़ ब्लाक के पिपरिया स्थित गोयल राईस मिल का औचक निरीक्षण किया। कलेक्टर ने मिलर्स को प्रदाय धान की मिलिंग के बारे में जानकारी ली और कस्टम मिलिंग का चावल तेजी से जमा कराने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने गोयल राईस मिल में फोर्टिफाईड राईस के तैयार किए जाने के प्रक्रिया का भी अवलोकन किया। उन्होंने मिलर्स को फोर्टिफाईड राईस की गुणवत्ता का विशेष रूप से ध्यान रखने को निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल की अध्यक्षता में 30 दिसम्बर को आयोजित कैबिनेट की बैठक में राज्य के सभी जिले में राज्य योजना के राशनकार्डधारियों को फोर्टिफाईड चावल वितरण करने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने मिलर्स को पूरी क्षमता में मिल का संचालन करना तथा निर्धारित समयावधि में सीएमआर और एफआर के गुणवत्ता युक्त चावल की आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस मौके पर खाद्य अधिकारी श्री संजय ठाकुर, तहसीलदार श्री अशोक सिंह, नायब तहसीलदार श्री श्रीकांत पाण्डेय उनके साथ थे।

गौरतलब है कि मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में समर्थन मूल्य पर धान की खरीदी कुल 23 उपार्जन केन्द्रों में की जा रही है। अब तक जिले में 10 हजार 733 किसानों से 5 लाख 7 हजार 182 क्विंटल धान की खरीदी की जा चुकी है, जिसमें से 4 लाख 6 हजार 459 क्विंटल धान का उठाव मिलर्स द्वारा कर लिया गया है। मिलर्स द्वारा सीएमआर कोटे के अब तक 2 लाख 25 हजार क्विंटल के चावल जमा कराया जा चुका है।

Related Articles

Back to top button