कई मुख्यमंत्रियों ने किया नीति आयोग की बैठक का बहिष्कार

नई दिल्ली । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में हुई नीति आयोग की बैठक का कांग्रेस व विपक्षी दलों के कई मुख्यमंत्रियों द्वारा बहिष्कार किए जाने को जनता दल ( जदयू ) के प्रवक्ता केसी त्यागी ने दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। शनिवार को यहां मीडिया से बातचीत में केसी त्यागी ने कहा कि नीति आयोग केंद्र और राज्यों के बीच धन के आवंटन की व्यवस्था को सुनिश्चित करता है। यह राज्यों के अधिकारों की रक्षा करता है। उन्होंने आगे कहा कि दुर्भाग्य की बात है कि कई मुख्यमंत्रियों ने नीति आयोग की बैठक का बहिष्कार किया है, जो उनके राज्य के विकास के लिए महत्वपूर्ण है।
केसी त्यागी ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी द्वारा नीति आयोग का नाम बदलकर योजना आयोग रखे जाने की सलाह को भी खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि नीति आयोग व योजना आयोग का काम कमोबेश एक ही है। इसलिए वे ममता बनर्जी की बातों से सहमत नहीं हैं। केसी त्यागी ने नीति आयोग की बैठक का एमके स्टालिन द्वारा बहिष्कार करने पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि इंडिया गठबंधन के कई सदस्य बिहार व आंध्र प्रदेश को दी गई राहत के खिलाफ हैं। उन्होंने आगे कहा कि बिहार व आंध्र प्रदेश दोनों पिछड़े प्रदेश हैं। इन दोनों प्रदेशों पर निशाना लगाना ठीक नहीं हैं।



