कई भावी विधायक नतीजों से पहले खेती- किसानी, कई घूमने-फिरने में व्यस्त - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
State

कई भावी विधायक नतीजों से पहले खेती- किसानी, कई घूमने-फिरने में व्यस्त

रायपुर। छत्तीसगढ़ के भावी 90 विधायकाें काे बेताबी के साथ तीन दिसंबर काे नतीजों का इंतजार है। मतदान के बाद अब इनकाे समय काटने में बड़ी परेशानी हाे रही है। हर काेई चाहता है कि नतीजे जल्द आए और उनके भविष्य का फैसला हाे जाए। ऐसे में प्रत्याशी अपने-अपने हिसाब से समय काटने में लगे हैं। प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल जहां राजस्थान और तेलंगाना में प्रचार करके लौटे हैं और उन्होंने अब एक दिन पहले परिवार के साथ अपने खेतों में जाकर बढ़ौना रस्म निभाई।

 मुख्यमंत्री के खिलाफ चुनाव लड़ने वाले सांसद विजय बघेल अपने दोस्तों से मिलना जुलने में लगे हैं। उनके साथ मॉर्निंग वॉक भी कर रहे हैं। पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल विदेश उड़ गए हैं। धर्मजीत सिंह ने जंगल सफारी की सैर की। कई प्रत्याशी अपने खेतों में काम कर रहे हैं। कई प्रत्याशी अपने भगवान की शरण में पहुंचे हैं। कई अपने परिवार के साथ समय बिता रहे हैं। प्रदेश में विधानसभा का चुनाव दो चरणों में हुआ है। पहला चरण सात नवंबर काे हुआ इसमें 20 सीटों पर मतदान हुआ। इसके बाद 17 नवंबर को 70 सीटों पर मतदान हुआ है। इसके बाद मतगणना के लिए तीन दिसंबर का इंतजार है। ऐसे में प्रत्याशियों के लिए काटे नहीं कटते ये दिन ये रात वाली बात हो गई है। प्रत्याशियों के लिए समय काटना मुश्किल हो गया है।
मुख्यमंत्री का किसानी प्रेम
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का खेतों से अलग ही रिश्ता है। वे कोई भी मौका खेतों में जाने का नहीं छोड़ते हैं। जब भी मौका मिलता है, खेती किसानी के काम में जुट जाते हैं। शनिवार को भी वे अपने परिवार के साथ खेतों में पहुंचे। उन्होंने अपने गांव कुरुदडीह पहुंचकर खेतों में फसलों की लुआई पूरी हो जाने के बाद लुआई को अंतिम रूप देते हुए परंपरानुसार बढ़ौना रस्म का निर्वहन किया।
विजय बघेल कर रहे मॉर्निंग वॉक
मुख्यमंत्री के खिलाफ चुनाव लड़ने वाले दुर्ग के सांसद विजय बघेल को फुर्सत मिली है तो वे अब रोज अपने मित्रों के साथ मॉर्निंग वॉक भी कर रहे हैं और खुलकर हंसी-मजाक का दौर भी चल रहा है। इसी के साथ वे लगातार अपने कार्यकर्ताओं से भी मिल रहे हैं और परिवार के साथ भी समय बिता रहे हैं।
पत्नी के साथ अमर उड़े विदेश
प्रदेश के पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल एक बार फिर से बिलासपुर से भाजपा के प्रत्याशी हैं। परिणाम आने से पहले वे अपनी पत्नी के साथ लंदन गए हैं। श्री अग्रवाल के खिलाफ चुनाव लड़ने वाले कांग्रेस के प्रत्याशी शैलेश पांडे परिवार के साथ समय बिता रहे हैं।
कई प्रत्याशी खेतों की राह पर
भाजपा और कांग्रेस के कई नेता किसान हैं। ऐसे में चुनाव लड़ने वाले कई प्रत्याशी अब खाली समय में खेतों की राह पर हैं। जांजगीर-चांपा विधानसभा से कांग्रेस प्रत्याशी ब्यास कश्यप अपने खेती किसानी के काम में जुट गए हैं। उनका पूरा समय खेत खलिहान में कट रहा है। डौंडीलोहारा के भाजपा के प्रत्याशी देवलाल ठाकुर भी खेती किसानी के काम में जुट गए हैं। उनका 25 एकड़ में आमों का बगीचा है। वे मजदूरों के साथ बगीचे में लगातार काम करवा रहे हैं। बिल्हा के कांग्रेस प्रत्याशी सियाराम कौशिक भी अपनी खेती बाड़ी संभाल रहे हैं।
कई प्रत्याशी भगवान की शरण में
बेलतरा सीट से भाजपा प्रत्याशी सुशांत शुक्ला पारिवारिक कार्यों के साथ मतदान के बाद भी क्षेत्र में जाकर लोगों से मुलाकात कर रहे हैं। बेलतरा से कांग्रेस उम्मीदवार विजय केशरवानी परिवार और दोस्तों के साथ महाकाल के दर्शन के लिए उज्जैन गए हुए हैं। बिल्हा से भाजपा प्रत्याशी धरमलाल कौशिक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने हैदराबाद गए हुए हैं तो मस्तूरी से कांग्रेस उम्मीदवार दिलीप लहरिया परिवार सहित धार्मिक यात्रा पर रवाना होने वाले हैं। लोरमी सीट से भाजपा उम्मीदवार अरुण साव मतदान के बाद महाकाल के दर्शन के लिए गए थे वापसी के बाद आज परिवार और समर्थकों के साथ अपना जन्मदिन मनाया। कोटा विधानसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार अटल श्रीवास्तव ने मतदान के अगले दिन रतनपुर स्थित मां महामाया का दर्शन किया और फिलहाल परिवार सहित छुट्टियां मनाने के लिए कान्हा किसली में हैं। तखतपुर के भाजपा प्रत्याशी धर्मजीत सिंह भी कान्हा किसली में छुट्टियां मनाकर लौटे हैं। रायपुर पश्चिम के प्रत्याशी राजेश मूणत भी लगातार परिवार के साथ समय बिताने के साथ जहां कई धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रमों में शामिल हो रहे हैं, वहीं कार्यकर्ताओं से भी मिल रहे हैं। रायपुर उत्तर के भाजपा प्रत्याशी पुरंदर मिश्रा वापस जगन्नाथ मंदिर में पूजा अर्चना के काम में जुट गए हैं। भाजपा के प्रत्याशी रामविचार नेताम लगातार कार्यकर्ताओं से मिल रहे हैं।
टीएस सोशल मीडिया में व्यस्त
प्रदेश के उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव नतीजों के इंतजार में इन दिनों अपना ज्यादा समय सोशल मीडिया में बिता रहे हैं। वैसे भी उनका सोशल मीडिया से अलग ही लगाव है। वे ज्यादातर समय कंप्यूटर में व्यस्त नजर आ रहे हैं।

Related Articles

Back to top button