मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
State

एक बाइक में सवार थे 7 सवारी, राहगीर ने टोका तो हंसते दिखे नाबलिग

रायपुर : छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के जीई रोड में एक बाइक में 7 युवक सवार दिखे। ये युवक सर्कस की तरह स्टंट करते हुए एक-दूसरे को पकड़े हुए थे। राह चलते एक युवक ने इन्हें टोका तो ये लोग बेपरवाही से हंसने लगे। पूरा मामला सरस्वती नगर थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। आजाद चौक CSP ने युवकों पर कठोर कार्रवाई के निर्देश दे दिए हैं।

जानकारी के मुताबिक, मंगलवार देर शाम जीई रोड इलाके में नाबालिग समेत 7 युवकों का ग्रुप एक ही बाइक पर सवार होकर घूम रहा था। इन युवकों ने ऐसा संतुलन बनाया था कि इनमें से अगर किसी एक का भी हाथ छूटता तो ये सभी के लिए जानलेवा साबित हो सकता था।

इस बाइक में सबसे पीछे बैठे युवक ने बीच में बैठे दो युवकों के कंधों को पकड़ा था। साथ ही बीच में बैठे युवकों के अगल-बगल में दो अन्य युवक खड़े हुए थे। बताया जा रहा है कि युवकों का ये ग्रुप आश्रम की तरफ से आमानाका की ओर जा रहा था।

राह चलते कुछ लोगों ने इस मंजर को अपने मोबाइल कैमरे में कैद किया। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि जब जानलेवा स्टंट कर रहे युवकों को राह चलते कुछ लोगों ने ऐसा नहीं करने की नसीहत दी तो ये युवक बड़ी बेशर्मी से हंसने लगे। बेपरवाही ऐसी कि जैसे जानलेवा स्टंट इनके बाएं हाथ का खेल हो।

इस वीडियो के सामने आते ही आजाद चौक CSP मयंक गुर्जर ने युवकों के खिलाफ सरस्वती नगर पुलिस को एक्शन लेने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि सरस्वती नगर पुलिस ने इन युवकों के गाड़ी नंबर के आधार पर पुलिस ने घर का पता ट्रेस कर एक युवक को हिरासत में लिया है। बाकी की तलाश भी की जा रही है।

Related Articles

Back to top button