अहमदाबाद विमान हादसा : सीएम भूपेंद्र पटेल ने जताया दुख, केंद्रीय उड्डयन मंत्री ने कहा- घटना की जानकारी पाकर स्तब्ध हूं - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
national

अहमदाबाद विमान हादसा : सीएम भूपेंद्र पटेल ने जताया दुख, केंद्रीय उड्डयन मंत्री ने कहा- घटना की जानकारी पाकर स्तब्ध हूं

अहमदाबाद विमान हादसा : सीएम भूपेंद्र पटेल ने जताया दुख, केंद्रीय उड्डयन मंत्री ने कहा- घटना की जानकारी पाकर स्तब्ध हूं

 नई दिल्ली।   केंद्रीय उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू किंजरापु और गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने गुरुवार को अहमदाबाद में हुए एयर इंडिया के विमान हादसे पर दुख व्यक्त किया। एयर इंडिया के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन ने विमान हादसे पर दुख जताया। उन्होंने आगे कहा कि जैसे-जैसे हमें और सत्यापित जानकारी मिलेगी, हम आगे के अपडेट साझा करेंगे। एक आपातकालीन केंद्र शुरू कर दिया गया है और परिवारों के लिए जानकारी उपलब्ध कराने के लिए सहायता टीम गठित की गई है।

केंद्रीय उड्डयन मंत्री नायडू ने अपने सोशल मीडिया एक्स हैंडल पर किए पोस्ट में हादसे को लेकर दुख जाहिर करते हुए लिखा, “अहमदाबाद में विमान दुर्घटना के बारे में जानकर स्तब्ध हूं।” उन्होंने कहा, “हम अलर्ट पर हैं। मैं व्यक्तिगत रूप से स्थिति की निगरानी कर रहा हूं और सभी विमानन और आपातकालीन प्रतिक्रिया एजेंसियों को त्वरित और समन्वित कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।”

उन्होंने आगे कहा, “बचाव दल को तैनात कर दिया गया है और यह सुनिश्चित करने के लिए सभी प्रयास किए जा रहे हैं कि चिकित्सा और राहत सहायता घटनास्थल पर पहुंचाई जाए। मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं विमान में सवार सभी लोगों और उनके परिवारों के साथ हैं।”

वहीं, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने भी अहमदाबाद विमान हादसे पर दुख जाहिर किया। मुख्यमंत्री ने अपने सोशल मीडिया एक्स हैंडल पर पोस्ट में कहा, “अहमदाबाद में एयर इंडिया के यात्री विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने की घटना से मैं बहुत दुखी हूं। मैंने अधिकारियों को दुर्घटना में तत्काल बचाव एवं राहत कार्य करने तथा घायल यात्रियों के तत्काल उपचार की व्यवस्था युद्ध स्तर पर करने के निर्देश दिए हैं।”

उन्होंने कहा, “मैंने घायल यात्रियों को उपचार के लिए ले जाने के लिए ग्रीन कॉरिडोर की व्यवस्था करने तथा अस्पताल में उपचार की सभी व्यवस्थाएं प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए हैं।”

उन्होंने आगे कहा, “केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी मुझसे बात की है और इस विमान दुर्घटना में बचाव एवं राहत कार्यों के लिए एनडीआरएफ टीमों और केंद्र सरकार की ओर से पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया है।”

अहमदाबाद में आज गुरुवार दोपहर को एयर इंडिया का विमान क्रैश हुआ है। इस विमान में 242 लोग सवार थे, जिनमें दो पायलट और 10 केबिन क्रू भी शामिल थे। एयर इंडिया में सवार केबिन क्रू के 12 सदस्यों में कैप्टन सुमित सभरवाल और फर्स्ट ऑफिसर क्लाइव कुंदर भी शामिल थे। एटीसी के अनुसार, विमान ने अहमदाबाद से भारतीय समयानुसार दोपहर 1 बजकर 39 मिनट पर रनवे 23 से उड़ान भरी थी। विमान ने एटीसी को मेडे कॉल दिया, लेकिन इसके बाद एटीसी के कॉल का विमान से कोई जवाब नहीं मिला। रनवे 23 से उड़ान भरने के तुरंत बाद विमान हवाई अड्डे की सीमा के बाहर जमीन पर गिर गया। प्लेन के क्रैश होने के तुरंत बाद घटनास्थल से आसमान में काला धुंआ उठता हुआ देखा गया है।

इस बीच, एयर इंडिया के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन ने विमान हादसे पर दुख जताया। उन्होंने कहा, “मैं बहुत दुख के साथ पुष्टि करता हूं कि एयर इंडिया की फ्लाइट एआई-171, जो अहमदाबाद से लंदन गैटविक जा रही थी, आज एक दुखद हादसे का शिकार हो गई। हमारी शोक संवेदनाएं इस त्रासदी से प्रभावित सभी लोगों के परिवारों और प्रियजनों के साथ हैं। इस समय, हमारा मुख्य ध्यान प्रभावित लोगों और उनके परिवारों को सहायता प्रदान करने पर है। हम आपातकालीन प्रतिक्रिया टीमों की सहायता के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं और प्रभावित लोगों को आवश्यक सहायता व देखभाल प्रदान कर रहे हैं।”उन्होंने आगे कहा, “जैसे-जैसे हमें और सत्यापित जानकारी मिलेगी, हम आगे के अपडेट साझा करेंगे। एक आपातकालीन केंद्र शुरू कर दिया गया है और परिवारों के लिए जानकारी उपलब्ध कराने के लिए सहायता टीम गठित की गई है।”  हादसे के बाद सभी सड़कें बंद कर दी गई हैं और बचाव और राहत अभियान जारी है। इसके अलावा, अस्पताल में करीब 1200 बेड का इंतजाम किया गया है। 

Related Articles

Back to top button