अमृतपाल सिंह की मां बलविंदर कौर गिरफ्तार

अमृतसर। पंजाब में ‘वारिस पंजाब दे’ प्रमुख और खालिस्तानी समर्थक अमृतपाल सिंह को असम की जेल से पंजाब की जेल में स्थानांतरित करने की मांग को लेकर प्रस्तावित मार्च से एक दिन पहले रविवार को उसकी मां बलविंदर कौर को गिरफ्तार कर लिया गया। अमृतपाल सिंह को पिछले साल अप्रैल में गिरफ्तार किया गया था। उसके खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (रासुका) लगाया गया था।
अमृतपाल सिंह और उसके नौ साथी इस समय असम की डिब्रूगढ़ जेल में बंद हैं।पुलिस उपायुक्त आलम विजय सिंह ने रविवार को बताया कि अमृतपाल सिंह की मां बलविंदर कौर को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। डीसीपी ने कहा कि उन्हें एहतियातन हिरासत में लिया गया है। अधिकारी ने इस बारे में ज्यादा जानकारी नहीं दी।
करीब एक महीने पहले कट्टरपंथी संगठन ‘वारिस पंजाब दे’ के चीफ और खालिस्तान समर्थक अमृतपाल सिंह और उसके नौ सहयोगियों के खिलाफ सुरक्षा चूक मामले में असम पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की थी। असम पुलिस ने इस मामले में डिब्रूगढ़ सेंट्रल जेल के अधीक्षक निपेन दास को गिरफ्तार किया था। इतना ही नहीं निपेन दास पर यूएपीए (UAPA) के तहत कार्रवाई की गई थी। इसके अलावा आपराधिक साजिश रचने, असम प्रिजनर्स एक्ट के तहत उनके खिलाफ केस दर्ज किया गया था।इस मामले में डिब्रूगढ़ जेल के एडिशनल सुपरिंटेंडेंट ऑफ पुलिस (क्राइम) सिजल अग्रवाल ने बताया था यह मामला सुरक्षा चूक से जुड़ा है, जो पिछले महीने सामने आया था। उन्होंने कहा था कि कई राउंड की जांच के बाद हमने निपेन दास को गिरफ्तार किया। यहां नेशनल सिक्योरिटी से जुड़ा मसला है। वो जेल के चीफ थे। ऐसे में सुरक्षा चूक की जिम्मेदारी उनकी ही बनती है।
बता दें, पंजाब पुलिस ने कई हफ्तों की तलाश के बाद 23 अप्रैल, 2023 को अमृतपाल सिंह को राज्य के मोगा जिले से गिरफ्तार किया था। इसके बाद उसको डिब्रूगढ़ सेंट्रल जेल लाया गया था। अलगाववादी अमृतपाल पर कड़े राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम यानी एनएसए के तहत कार्रवाई की गई है। उसके नौ सहयोगियों पर भी एनएसए के तहत आरोप लगाए गए हैं। असम की डिब्रूगढ़ जेल 1859-60 में बनी थी। यह पूर्वोत्तर की सबसे पुरानी और सबसे हाई सिक्योरिटी वाली जेलों में से एक है।



