मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
State

राजपत्र लेकर गांव पहुंचे विजय शर्मा, चंडालपुर को मिली नई पहचान

वर्षों पुरानी मांग पूरी; चंदनपुर के विकास के लिए 11.70 लाख रुपए की घोषणा, दस्तावेजों में नाम बदलने विशेष शिविर लगेगा

रायपुर। कबीरधाम जिले के ग्राम चंडालपुर का नाम अब आधिकारिक रूप से ‘चंदनपुर’ हो गया है। वर्षों से चली आ रही ग्रामीणों की मांग पूरी होने के बाद उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा शुक्रवार देर रात तेज बारिश के बीच राजपत्र की प्रति लेकर गांव पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों को राजपत्र की प्रति सौंपकर नाम परिवर्तन की बधाई दी। बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे और खुशी में एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जश्न मनाया।

सरकारी रिकॉर्ड में दर्ज होगा नया नाम

उप मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य शासन ने ग्राम चंदनपुर के नाम परिवर्तन का राजपत्र में विधिवत प्रकाशन कर दिया है। अब ‘चंदनपुर’ नाम सरकारी अभिलेखों और संबंधित शासकीय वेब पोर्टल में दर्ज रहेगा। उन्होंने ग्रामीणों से दैनिक व्यवहार और बोलचाल में भी गांव के नए नाम का उपयोग करने की अपील की।

विकास कार्यों के लिए 11.70 लाख रुपए

नाम परिवर्तन के साथ उप मुख्यमंत्री ने गांव में विकास कार्यों की घोषणा भी की। सीसी रोड और सामुदायिक भवन के लिए 11.70 लाख रुपए देने की घोषणा की गई। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को दस्तावेजों में नाम बदलवाने के लिए अलग-अलग दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए विशेष शिविर लगाया जाएगा। शिविर में आधार कार्ड समेत अन्य दस्तावेजों में गांव का नाम बदलने की प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी।

मंत्रिमंडल से राज्यपाल की मंजूरी तक हुई प्रक्रिया

विजय शर्मा ने कहा कि ग्रामीण लंबे समय से गांव का नाम बदलने की मांग कर रहे थे। स्थानीय भावनाओं को ध्यान में रखते हुए प्रस्ताव शासन को भेजा गया। इसके बाद मंत्रिमंडल स्तर पर चर्चा और राज्यपाल की स्वीकृति के बाद नाम परिवर्तन का राजपत्र में प्रकाशन किया गया।

उन्होंने कहा कि गांव का नाम सिर्फ पहचान नहीं होता, बल्कि उसमें स्थानीय इतिहास, संस्कृति, परंपरा और लोगों की भावनाएं भी जुड़ी होती हैं। ‘चंदनपुर’ नाम मिलना ग्रामीणों की लंबे समय से चली आ रही मांग के सम्मान का प्रतीक है।

Related Articles

Back to top button