रमन कर्नाटक पहुंचे, करेंगे चुनाव प्रचार, कही छत्तीसगढ़ मॉडल की पोल खोलने की बात

रायपुर. कर्नाटक चुनाव में छत्तीसगढ़ के तीन दिग्गज नेताओं काे जिम्मा मिला है। प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह कर्नाटक विधानसभा चुनाव में प्रचार करने के लिए वहां पहुंच चुके हैं। इसके पहले अजय चंद्राकर भी वहां पहुंच गए हैं। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव भी आज रवाना हाे गए हैं।
डॉ. रमन सिंह का कहना है, छत्तीसगढ़ में कांग्रेस सरकार का जो वादाखिलाफी का मॉडल है, उसको कर्नाटक में बताएंगे। इसी के साथ मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को लेकर कहा, वे जहां भी जाते हैं, कांग्रेस का बंटाधार हो जाता है। कर्नाटक भी जा रहे हैं तो वहां भी कांग्रेस के हिस्से में हार ही आएगी। पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ रमन सिंह आज और कल कर्नाटक विधानसभा चुनाव प्रचार के लिए बेंगलुरु विधानसभा की बोम्मनहल्ली सीट पर प्रचार के लिए पहुंचे हैं। यहां पिछले 3 बार के विधायक भाजपा प्रत्याशी सतीश रेड्डी एम. के पक्ष में चुनावी सभा को संबोधित करेंगे इसके साथ ही विगत 5 वर्षों में मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई के नेतृत्व में हुए विकास कार्यों और केंद्र सरकार की उपलब्धियों पर पत्रकार वार्ता में चर्चा करेंगे।
डॉ. रमन ने कहा, राष्ट्रीय नेतृत्व द्वारा जवाबदारी दी जाती है। बोम्मनहल्ली विधानसभा क्षेत्र में प्रवास है। डॉ. रमन ने कहा, जहां-जहां भूपेश बघेल गए है, वहां बंटाधार करके आए हैं। हम उम्मीद करते हैं कर्नाटक में भूपेश बघेल जा रहे हैं तो वहां भी कांग्रेस साफ हो जाएगी। उन्होंने कहा, मैं वहां जाकर छत्तीसगढ़ मॉडल को बताऊंगा। कैसे यहां शराबबंदी, बेरोजगारी, वृद्धावस्था, विकलांग पेंशन देने की बात की गई और वादा पूरा नहीं किया गया। संविदा कर्मचारियों को नियमित करने की बात कही गई थी। बड़े बड़े वादे हाथ में गंगाजल लेकर किए थे, लेकिन साढ़े चार सालों में कुछ नहीं किया गया। उन्होंने कहा, कर्नाटक में भाजपा की पूर्ण बहुमत से सरकार बन रही है।



