कांग्रेस के 9 सवालों के जवाब में भाजपा के 27 सवाल

रायपुर(realtimes) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार को लेकर कांग्रेस द्वारा उठाए गए 9 सवालों पर भाजपा ने उससे तीन गुना 27 सवाल दागे हैं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने कांग्रेस के सवालों के जवाब में सिलसिलेवार 27 सवाल करते हुए कहा, कांग्रेस के सवालों का सवाल ही जवाब है।
एकात्म परिसर में पत्रकारों से चर्चा करते हुए श्री साव ने कहा, सबसे बड़ा सवाल, रायपुर आए कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी की इस मांग से भूपेश बघेल सहमत हैं कि कांग्रेस के लिए देश में अलग कानून हो।
भाजपा के सवाल
कांग्रेस के महंगाई-बेरोजगारी के सवाल पर भाजपा ने कहा, कांग्रेस सरकार ने 2 हजार करोड़ रुपए का महंगा शराब घोटाला क्यों किया। चपरासियों के 95 पदों के लिए दो लाख आवेदन जमा हो रहे हैं, तो 10 लाख लोगों को रोजगार देने का वादा कहां खो गया। पेट्रोल-डीजल पर वैट कम क्यों नहीं किया। कृषि कानून संबंधी आरोपों पर भाजपा ने कहा, एक हजार किसानों ने कांग्रेस शासन में आत्महत्या की है। किसानों, मजदूरों के 10 हजार बच्चों ने पिछले 4 वर्ष में रोजगार आदि नहीं मिलने पर आत्महत्या कर ली। मुख्यमंत्री बघेल ने इसकी जिम्मेदारी लेकर इस्तीफा क्यों नहीं दिया। आदिवासी, किसानों के 25 हजार से अधिक बच्चे इलाज के अभाव में छत्तीसगढ़ में मर गए। एलआईसी-सीबीआई में जनता का एक भी पैसा नहीं डूबा है। सुप्रीम कोर्ट ने हिंडनबर्ग मामले में केन्द्र सरकार को क्लीन चिट दी है। ऐसे में विदेशी दुष्प्रचार का हिस्सा बन भारत को बदनाम करने की साजिश रचने पर राहुल गांधी, भूपेश बघेल समेत कांग्रेस नेताओं पर देशद्रोह का मुकदमा चलना चाहिए या नहीं।
राहुल देशद्रोही हैं या नहीं
चीन की कम्युनिस्ट पार्टी से एमओयू करने वाले राहुल गांधी भारत के देशद्रोही हैं या नहीं? भारत के साथ युद्ध जैसी स्थिति में चीनी राजदूत से मिलने वाले संदिग्ध राहुल गांधी को युद्ध अपराधी घोषित किया जाए या नहीं। भारत की पहली आदिवासी महिला राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को अपमानजनक शब्द कहकर अपमानित करने वाले कांग्रेस नेता के खिलाफ कांग्रेस ने क्या कार्रवाई की। मनरेगा में भी भ्रष्टाचार करने वाले मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को सजा क्यों नहीं मिलनी चाहिए।



