भाजपा का आरोप- प्रदेश के 9 लाख पात्र मजदूर अपात्र - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
State

भाजपा का आरोप- प्रदेश के 9 लाख पात्र मजदूर अपात्र

रायपुर. कर्मकार कल्याण मंडल के पूर्व अध्यक्ष मोहन एंटी ने कहा, प्रदेश की भूपेश सरकार मजदूर विरोधी सरकार है, जिसने प्रदेश के पूर्व में पंजीकृत 18 लाख मजदूरों में करीब 9 लाख पात्र मजदूरों को सरकार की सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से अपात्र घोषित कर लाभ से वंचित कर दिया है। पिछले 5 वर्षों में करीब 35 लाख मजदूरों ने श्रम कार्ड बनाने हेतु आवेदन किया था, जिसमें मात्र 9 लाख 30 हजार मजदूरों का ही मजदूर कार्ड बनाया गया।

श्री एंटी ने एकात्म परिसर में पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा, श्रम विभाग के विभिन्न कल्याण मंडलों में करीब 1 हजार करोड़ रुपए का बजट है, लेकिन छत्तीसगढ़ शासन द्वारा मात्र 25 प्रतिशत राशि मजदूरों को विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं में प्रदान की जा रही है। कर्मकार कल्याण मंडल में वर्तमान में 7 सौ करोड़ रुपए सेस (फंड) के रूप में जमा है, जिसमें मात्र 22.76 करोड़ रुपए ही मजदूरों की सामाजिक सुरक्षा योजनाओं में खर्च किया गया है। शेष राशि दूसरे मद में खर्च की जा रही है। मजदूरों को सामाजिक सुरक्षा का लाभ डीबीटी के माध्यम से भी नहीं दिया जा रहा है।

योजनाएं भी बंद

श्री एंटी कहा, कांग्रेस सरकार ने मजदूरों की विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं को बंद कर दिया है। जिसमें मुख्य रूप से मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना, जिसके तहत मजदूरों की कन्याओं के विवाह हेतु 20 हजार रुपए की राशि प्रदान की जाती थी। साथ ही मुख्यमंत्री सायकल योजना, मुख्यमंत्री सिलाई मशीन योजना, एवं मुख्यमंत्री औजार योजना का लाभ पिछले साढ़े चार साल से नहीं दिया जा रहा है।  उन्होंने कहा, योजनाओं में भ्रष्टाचार की भी पराकाष्ठा की है। श्रम कार्यालय भ्रष्टाचार का अड्डा बन गया है। अपात्र लोगों को योजनाओं का लाभ 25 प्रतिशत कमीशन लेकर प्राथमिकता से दिया जा रहा है एवं पात्र लोगों को योजनाओं के लाभ से वंचित किया जा रहा हैै।

Related Articles

Back to top button