नड्डा बाेले- कांग्रेस काे आराम दाे, भाजपा काे काम दाे - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
State

नड्डा बाेले- कांग्रेस काे आराम दाे, भाजपा काे काम दाे

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगतप्रकाश नड्डा ने ऐलान किया है कि 18 करोड़ भाजपा कार्यकर्ता स्व: सागर साहू, नीलकंठ कक्केम और बुधराम करटाम और उसके परिवार के साथ है।  भाजपा प्रजातांत्रिक तरीके से नक्सलियों का मुकाबला करेगी। उन्होंने जनता का आव्हान किया कि राज्य की कांग्रेस सरकार काे आराम दो और भाजपा को काम दो क्योंकि मोदी जी छत्तीसगढ़ का विकास करना चाहते है लेकिन कांग्रेस उसमे रोड़ा बन रही है। 

लालबाग मैदान पर विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि बस्तर आने का मौका मिला। कल तक मन में बहुत उमंग थी कि आप सब के दर्शन होंगे। लेकिन कल रात जो घटना घटी, उसने दिल को दहला दिया। मन दुखी हुआ, द्रवित हुआ। मैंने कहा कि मैं भी जगदलपुर भी आऊंगा और नारायणपुर भी  जाऊंगा और हमारे जांबाज कार्यकर्ताओं के परिवार के लोगों से भी मिलूंगा। उनसे कहूंगा कि आपका  बेटा, आपका  भाई अकेला नहीं है। उसके और आपके परिवार के साथ  18 करोड़ कार्यकर्ताओं की पार्टी  खड़ी है। हम पूरी ताकत के साथ ऐसे नक्सली हमलों का हजार बार जवाब देंगे और प्रजातांत्रिक तरीके से बदलाव लाएंगे।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने मां दंतेश्वरी और जनता को नमन करते हुए कहा कि आज पंडित दीनदयाल उपाध्याय का बलिदान दिवस है। पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय, सबका हित हो, सब सुखी रहें, इस मंत्र को लेकर एक दृष्टि दी थी,  दिशा दी थी। समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति की मदद होनी चाहिए। उसको ताकत देनी चाहिए। उन्होंने अंत्योदय का सिद्धांत दिया। मुझे खुशी है कि हमारे यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी इसी मंत्र को लेकर चल रहे हैं। उनका नारा है सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास। जब हम दीन दयाल उपाध्याय जी को याद करते हैं तो हम कह सकते हैं कि उनके विचार आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं जितने उस समय थे। उन्होंने हम लोगों को शिक्षा दी थी। उस दृष्टि को लेकर समाज कल्याण में हम सब लोग लगे हुए हैं।

कांग्रेस का दूसरा नाम ही छलावा  

श्री नड्डा ने कहा कि मुझे  बहुत दुख हुआ। स्व:सागर साहू की खबर सुनी।  6 फरवरी को बीजापुर के मंडल अध्यक्ष नीलकंठ कक्केम की हत्या दुख पीड़ा देने वाली है। इसी तरीके से हमारे बुधराम करटाम की संदिग्ध हालत में लाश मिली। यह घटनाए बहुत से प्रश्न खड़े कर रही है। मैं सवाल खड़ा करना चाहता हूं कि क्या यह सच्चाई नहीं है कि भूपेश बघेल की सरकार आई है तब से इस तरह की घटनाएं बढ़ी हैं। जब रमन सिंह की सरकार थी तो लोगों को जीने का हक था। लॉ एंड ऑर्डर था। शांति थी। सब लोगों के लिए काम हो रहा था। सभी तबकों के विकास, सभी क्षेत्रों के विकास की दृष्टि से काम हो रहे थे। आज मैं देखता हूं। यह बताना चाहता हूं कि कांग्रेस का दूसरा नाम ही छलावा है, लटकाना, भटकाना ,अटकाना , झटकाना यह कांग्रेस की रीति नीति है। इसलिए कांग्रेस का कोई नेता यह करे तो अचरज की कोई बात ही नहीं है। वे इसीलिए बने हैं। हम विकास के लिए बने हैं। वह विकास को अवरुद्ध करने के लिए बने  हैं। हम विकास को आगे बढ़ाने के लिए बने हैं। वे लोगों को भड़काने के लिए बने हैं।कांग्रेस का लक्ष्य फूट डालो और राज करो है। हम गर्व के साथ कह सकते हैं कि छत्तीसगढ़ तब छत्तीसगढ़ बना, जब भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी जी हमारे प्रधानमंत्री बने। स्वर्गीय राजीव गांधी और उनके परिवार के लोग पिकनिक मनाने बस्तर आते थे यह उनके घूमने फिरने आनंद लेने की जगह थी। कोई सुध नहीं लेता था। दूरदराज कटा इलाका था। 

रमन सरकार में हुआ बस्तर का विकास 

श्री नड्डा ने कहा, जब रमन सिंह की सरकार आई, तब बस्तर का विकास हुआ। छत्तीसगढ़ का विकास हुआ। मुझे खुशी है कि एम्स रायपुर में स्थापित हुआ और कोरोना काल में सबका इलाज हुआ। उजाले का महत्व तभी समझ में आएगा, जब तुम्हें अंधेरा याद आएगा। अंधेरा याद नहीं है तो उजाले का महत्व समझ में नहीं आएगा। उसने कहा कि मैं सालों तक छत्तीसगढ़ का प्रभारी रहा हूं  शुरू शुरू में जब भी आया करता था तो पता चलता था कि 6 बजे बिजली आएगी 8 बजे चली जाएगी। लेकिन डॉक्टर रमन सिंह की सरकार ने छत्तीसगढ़ को पावर कट स्टेट बनाया। हम छाती ठोक कर कह सकते हैं कि हमारे राज में पावर कट होना बंद हो गया। मैं कहना चाहता हूं  कि भूपेश का पावर कट कर दो। हम प्रदेश को आगे बढ़ाएंगे। जब भाजपा सरकार में आई तो छत्तीसगढ़ का बजट 7000 करोड था जब रमन सिंह ने सरकार छोड़ी तब 83,179 करोड़ बजट था। 1 रुपये किलो में चावल दिया गया। आदिवासी भाइयों को वनाधिकार पट्टा दिया। भाजपा की सरकार ने  वन अधिकार पत्र दिए।  दंतेवाड़ा में रेजिडेंशियल स्कूल खोला गया। भूपेश बघेल का एक काम बता दो जो उन्होंने आदिवासियों के लिए किया हो। भाजपा के राज में आदिवासी बच्चों की पढ़ाई के लिए विशेष स्कूल खोले गए। 150 एकड़ की जमीन में 13 शिक्षण संस्थान बने। हमने इन आंखों से बस्तर के विकास की कहानी देखी है। मोदी जी ने 2017 में बलीराम कश्यप मेडिकल कॉलेज दिया। 3,252  ट्राईवल हॉस्टल दिए।  संचार क्रांति के तहत लोगों को मोबाइल दिया गया है। यह भी बता दूं कि इस बार राष्ट्रपति अभिभाषण पढ़ने का अवसर भारत में पहली बार आदिवासी समाज की बेटी श्रीमती द्रौपदी मुर्मू को मिला। आप उनका अभिभाषण सुनिए कि मोदी जी के राज में भारत कहां चल पड़ा है। एक आदिवासी महिला राष्ट्रपति बनकर अभिभाषण दे रही है। यह परिवर्तन आया है तो मोदी जी के राज में आया है। इसको हम को समझना होगा। आज मोदी जी के राज में तीन राज्यपाल और 8 आदिवासी मंत्री हैं। जब दुनिया के तमाम विकसित देशों, विकासशील देशों का विकास रुक गया है तब ऐसी परिस्थिति में मोदी जी ने कोरोना के बावजूद 6.1प्रतिशत की दर से भारत का विकास किया। दसवें नंबर की अर्थव्यवस्था से अंग्रेजों को पछाड़कर पांचवें नंबर पर आ गई है। आपको जानकर खुशी होगी कि दवाई बनाने में भारत आज दुनिया की फार्मेसी बन गया है। सबसे सस्ती दवाएं भारत बना रहा है। दूसरे नंबर पर भारत खड़ा हुआ है। पहले 92% मोबाइल बाहर से आते थे अब 97% मोबाइल भारत बना रहा है। हर मोबाइल पर लिखा होता है मेक इन इंडिया।

बस्तर का विकास भाजपा सरकार ने कियाः रमन 
 राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने भाजपा सरकार के विकास कार्यों की याद दिलाते हुए भूपेश बघेल सरकार पर जमकर हमला बोला और बताया कि ये जो चमचमाती हुई सड़कें  जो प्रदेश में बनी है वो भाजपा की ही देन है भूपेश बघेल खुद कहते हैं मैं सड़कें ,हाईवे ब्रिज स्कूल ,अस्पताल ,नहीं बनाऊंगा विकास करना कांग्रेस के बस की बात नहीं।
बस्तर को अच्छी सड़कें देने वाली,बस्तर में रोशनी देने वाली, अच्छी शिक्षा देने वाली, गरीबों को 1 किलो रुपए चावल देने वाली भाजपा की सरकार है। जनता का हक कन्यादान योजना, तीरथ योजना, चरण पादुका योजना बंद करने वाली भूपेश बघेल  सरकार है।  भूपेश बघेल और कांग्रेस बस्तर में विकास रोकने की अपराधी है। बस्तर ने जब जब स्नेह दिया है।  तब तब कमल खिला है और बस्तर में कमल खिल गया तो छत्तीसगढ़ में कमल खिलने से कोई नहीं रोक सकता।

Related Articles

Back to top button