कंगना के ‘सस्ती कॉपी’ वाले बयान पर तापसी का रहस्यमयी पोस्ट

अभिनेत्री और सांसद कंगना रनौत और तापसी पन्नू के बीच पुराना विवाद एक बार फिर चर्चा में है। कंगना ने तापसी की परवरिश और उनके माता-पिता पर टिप्पणी करते हुए उन्हें ‘सस्ती कॉपी’ कहा। इसके बाद तापसी ने बिना कंगना का नाम लिए इंस्टाग्राम पर एक रहस्यमयी पोस्ट शेयर की। उन्होंने लिखा, ‘इससे साबित हो गया।’ तापसी की इस पोस्ट को कंगना की टिप्पणी से जोड़कर देखा जा रहा है।
कंगना ने इंस्टाग्राम स्टोरी में साधा निशाना
कंगना ने इससे पहले इंस्टाग्राम स्टोरी पर तापसी को लेकर एक पोस्ट शेयर किया था, जिसे बाद में डिलीट कर दिया गया। इसमें उन्होंने तापसी को ‘सस्ती कॉपी’ बताते हुए उनकी आने वाली फिल्म को लेकर भी टिप्पणी की।
कंगना ने लिखा कि तापसी उनकी परवरिश और माता-पिता का मजाक उड़ाकर हद पार कर चुकी हैं। उन्होंने कहा कि वह आमतौर पर किसी विवाद में सामने वाले के माता-पिता को नहीं घसीटतीं। हालांकि, इस बार उन्होंने तापसी के माता-पिता पर भी सवाल उठाया और पूछा कि उन्होंने ‘ओरिजिनल’ इंसान की जगह ‘सस्ती कॉपी’ को जन्म क्यों दिया।
तापसी ने पहले भी रखी थी अपनी बात
कंगना के साथ अपने विवाद को लेकर तापसी ने इंडिया टुडे से कहा था कि वह कंगना से कभी नहीं मिली हैं। उन्होंने कहा कि जब यह विवाद शुरू हुआ था, तब भी दोनों की मुलाकात नहीं हुई थी और अब तक भी नहीं हुई है।
तापसी के मुताबिक, कंगना के बारे में उनकी राय उनकी अपनी परवरिश, बातचीत के तरीके और चीजों को देखने के नजरिए पर आधारित है। उन्होंने कहा कि कंगना अपनी राय पर कायम हैं और वह अपनी बात पर। ऐसे में लोगों के लिए यह समझना आसान है कि दोनों की सोच और नजरिया कहां से आता है।
2019 में शुरू हुआ था विवाद
कंगना और तापसी के बीच सार्वजनिक बयानबाजी का सिलसिला 2019 में शुरू हुआ था। उस समय कंगना की बहन रंगोली चंदेल ने तापसी पर कंगना की नकल करने का आरोप लगाया था और उन्हें ‘सस्ती कॉपी’ कहा था।
यह विवाद तब शुरू हुआ, जब तापसी ने कंगना की फिल्म ‘जजमेंटल है क्या’ के ट्रेलर की तारीफ की थी, लेकिन अपने पोस्ट में कंगना का नाम नहीं लिया था। इसके बाद दोनों पक्षों की ओर से कई बार बयान सामने आए।
नेपोटिज्म की बहस में फिर सामने आया विवाद
2020 में बॉलीवुड में नेपोटिज्म यानी भाई-भतीजावाद और फिल्म इंडस्ट्री में बाहर से आने वाले कलाकारों के साथ व्यवहार को लेकर बहस तेज हुई। इस दौरान कंगना और तापसी के बीच पुरानी बयानबाजी भी फिर चर्चा में आ गई।
अब तापसी की नई पोस्ट और कंगना की हालिया टिप्पणी के बाद दोनों के बीच वर्षों पुराना विवाद एक बार फिर सुर्खियों में है।



