RSS की बैठक में कल बनेगी मिशन 2023 पर रणनीति

तत्काल बाद भाजपा कोर ग्रुप काे हाेगा फरमान जारी
रायपुर. प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर अब राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने मैदान में आने का बड़ा फैसला किया है, तभी ताे इतिहास में पहली बार आरएसएस ने राजधानी रायपुर में आरएसएस की समन्वय समिति की कल होने वाली बैठक में मिशन 2023 पर रणनीति बनाने के बाद इसकाे अमल में लाने के लिए भाजपा कोर ग्रुप काे फरमान जारी किया जाएगा। आरएसएस की इस बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष भी आने वाले थे, लेकिन कर्नाटक चुनाव के लिए भाजपा के प्रत्याशी तय करने के कारण उनका आना टल गया है, लेकिन राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिव प्रकाश और प्रदेश प्रभारी ओम माथुर, क्षेत्रीय महामंत्री अजय जामवाल आ रहे हैं। इस बैठक के ठीक बाद ही शाम को ठाकरे परिसर में भाजपा कोर ग्रुप की बैठक भी रखी गई है।
प्रदेश में इस साल विधानसभा के चुनाव होने हैं। प्रदेश भाजपा संगठन में चुनाव को देखते हुए ही बदलाव भी किए गए हैं। भाजपा लगातार अपने स्तर पर आंदोलन भी कर रही है और बूथों को मजबूत करने की दिशा में काम भी हो रहा है। लेकिन जिस तरह से प्रदेश भाजपा संगठन और नेताओं का काम चल रहा है, उससे कम से कम आरएसएस संतुष्ट नहीं है। ऐसे में यहां पर होने वाली आरएसएस की प्रदेश की समन्वय समिति की बैठक में चुनाव को लेकर भी चर्चा करने की तैयारी है। इसके बारे में आरएसएस के पदाधिकारी खुलकर कुछ नहीं बोल रहे हैं, लेकिन जानकार सूत्रों का साफ कहना है, अगर प्रदेश की बैठक के लिए भाजपा के राष्ट्रीय स्तर के नेता आ रहे हैं तो इसका मतलब साफ है कि विधानसभा चुनाव को लेकर चर्चा होगी। आज तक कभी भी आरएसएस की प्रदेश स्तर की बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय नेता शामिल नहीं हुए हैं।
प्रदेश पदाधिकारियों से होगा जवाब तलब
जानकारों की मानें तो बैठक में आरएसएस के प्रदेश के 36 अनुषांगिक संगठनों के अध्यक्ष, संगठन महामंत्री और महामंत्री को बुलाया गया है। ऐसे में भाजपा के भी तीन पदाधिकारी बैठक में शामिल होंगे। इनसे चुनाव की तैयारियों को लेकर जानकारी ली जाएगी और जवाब तलब भी होंगे। जिन बातों को लेकर आरएसएस संतुष्ट नहीं है, उसके जवाब लिए जाएंगे। यह भी पूछा जाएगा कि जीत के लिए क्या रणनीति है। इसके बाद चुनाव को लेकर आरएसएस के नेता और भाजपा के राष्ट्रीय नेता रणनीति बनाएंगे कि प्रदेश में होने वाले चुनाव में जीत का मंत्र क्या होगा।
कोर ग्रुप की भी क्लास
आरएसएस की बैठक के बाद जिस तरह से भाजपा कोर ग्रुप की भी बैठक बुलाई गई है, उससे तय माना जा रहा है भाजपा कोर ग्रुप की बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय नेताओं के तीखे तेवर सामने आ सकते हैं और पदाधिकारियों की क्लास लग सकती है। इस बैठक में आरएसएस की बैठक में तय रणनीति की जानकारी दिए जाने के साथ ही कई तरह के निर्देश भी दिए जाएंगे। इस बैठक में राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिव प्रकाश और प्रदेश प्रभारी ओम माथुर, क्षेत्रीय महामंत्री अजय जामवाल के साथ प्रदेश के सहप्रभारी नितिन नवीन भी शामिल होंगे। श्री माथुर और श्री नवीन शुक्रवार को ही रायपुर पहुंच जाएंगे।



