राजनांदगांव में पुलिस पर 2 युवकों से मारपीट का आरोप: हत्या की जांच में 36 घंटे हिरासत में रखने का दावा; परिजनों ने SP से शिकायत की - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
State

राजनांदगांव में पुलिस पर 2 युवकों से मारपीट का आरोप: हत्या की जांच में 36 घंटे हिरासत में रखने का दावा; परिजनों ने SP से शिकायत की

राजनांदगांव। जिले की घुमका पुलिस पर हत्या की जांच के दौरान दो युवकों से मारपीट करने का आरोप लगा है। परिजनों का दावा है कि पुलिस ने दोनों युवकों को करीब 36 घंटे तक हिरासत में रखकर लाठियों से पीटा और हत्या कबूल करने का दबाव बनाया।

मारपीट के बाद दोनों के कूल्हे में सूजन और लाल निशान पड़ गए। परिवार ने चोट के निशान का वीडियो बनाकर एसपी कार्यालय में शिकायत दी है और संबंधित पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग की है।

मामला ग्राम बरबसपुर में 11 नवंबर 2025 को मिली 70 वर्षीय बिहासीन साहू की अधजली लाश से जुड़ा है। पोस्टमॉर्टम में हत्या के बाद शव जलाए जाने की बात सामने आई थी। इसके बाद घुमका पुलिस मामले की जांच कर रही थी।

पूछताछ के लिए बुलाया था

जांच के दौरान पुलिस ने मृतका के बेटे नेतराम साहू और उनके बेटों पवन साहू व प्रदीप साहू को संदेह के आधार पर पूछताछ के लिए बुलाया। परिवार का आरोप है कि तीनों को 18 अगस्त की सुबह से 20 अगस्त की शाम तक थाने में रखा गया।

नेतराम साहू ने शिकायत में आरोप लगाया कि करीब 10 से 12 पुलिसकर्मियों ने उनके दोनों बेटों को लाठियों से पीटा। उनका कहना है कि दोनों पर हत्या का जुर्म कबूल करने के लिए दबाव बनाया गया। परिजनों के मुताबिक, हिरासत से छोड़े जाने के बाद पवन और प्रदीप की तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया।

परिवार का दावा है कि 20 अगस्त की शाम पुलिस तीनों को गांव के प्रवेश द्वार के पास छोड़कर चली गई। इसके बाद परिजन एसपी कार्यालय पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने कहा- दोनों मुख्य संदेही

एडिशनल एसपी कीर्तन राठौर ने बताया कि तीनों मृतका के रिश्तेदार हैं और हत्या के मामले में मुख्य संदेही हैं। उनसे पूछताछ की जा रही थी। हिरासत में मारपीट और दुर्व्यवहार के आरोपों की अलग से निष्पक्ष जांच कराई जा रही है। हत्या के मामले की जांच भी जारी है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही आरोपों की वास्तविकता स्पष्ट होगी।

Related Articles

Back to top button