Mission 2024: विपक्ष का महामंथन 2024 का चिंतन! क्या होगा विपक्ष का एजेंडा

Mission 2024: 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को हराने के लक्ष्य से देश के प्रमुख विपक्षी दलों के नेता शुक्रवार को पटना में एक बैठक में हिस्सा लेंगे और विचार-विमर्श करेंगे। इस बैठक में विपक्षी दल पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार के खिलाफ मजबूत विपक्षी मोर्चा की रूपरेखा तैयार करेंगे। इस बैठक में विपक्ष का नेता कौन होगा? ऐसे सवालों को दूर करते हुए मुकाबले की रणनीति को तय किया जाएगा।
इस बैठक को एनडीए के सामरिक मुकाबले के रूप में विपक्षी एकजुटता की शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है। न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, विपक्ष के एक वरिष्ठ नेता ने नाम न बताने की शर्त पर कहा, ‘यह तो बस शुरुआत है। विचारों का मिलना महत्वपूर्ण है। इस समय चुनावी रणनीति, नेतृत्व संबंधी सवाल और सीटों के बंटवारे पर चर्चा होने की संभावना नहीं है।’
बैठक में कौन-कौन होगा शामिल?
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव की मेजबानी में होने वाली विपक्षी दलों की इस पहली उच्च स्तरीय बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पार्टी के नेता राहुल गांधी, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल, झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव, पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष शरद पवार के शामिल होने की उम्मीद है। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के महासचिव सीताराम येचुरी और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य ने भी बैठक में भाग लेने की सहमति जतायी है।
बैठक में इन मुद्दों पर होगी बात
विपक्षी नेता कहते हैं कि इस बैठक में उन्हें बीजेपी के खिलाफ मुद्दों को उठाने का मौका मिलेगा। इसमें मणिपुर हिंसा और उसके नियंत्रण में कमी के मुद्दे पर भी चर्चा हो सकती है। इस बैठक में केंद्र सरकार द्वारा केजरीवाल सरकार के प्रशासनिक सेवाओं के नियंत्रण पर लाए गए अध्यादेश पर भी विचार-विमर्श हो सकता है।
TMC और कांग्रेस में खटपट की खबर
यह बैठक ऐसे समय में हो रही है जब पश्चिम बंगाल में टीएमसी और कांग्रेस आमने-सामने हैं। हालांकि, लोकसभा में कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी पश्चिम बंगाल में कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर कथित तौर पर हमला करने वाले तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए मुर्शिदाबाद जिले में ब्लॉक कार्यालय के बाहर धरना पर बैठे हैं।
बैठक में ये विपक्षी दल नहीं होंगे शामिल
तेलंगाना की भारत राष्ट्र समिति, ओडिशा की बीजू जनता दल, बहुजन समाज पार्टी और वाईएसआर कांग्रेस पार्टी उन दलों में शामिल हैं जिनका यहाँ मिलने का कोई संभावना नहीं है जो बीजेपी के विपरीत हैं।



