भाजयुमो की नई कार्यकारिणी पर दीपावली का ग्रहण

रायपुर(realtimes) प्रदेश भाजयुमो की नई कार्यकारिणी पर अब दीपावली का ग्रहण लग गया है। इसका ऐलान अब दीपावली के बाद होगा। इसको लेकर कवायद चल रही है। नए अध्यक्ष रवि भगत जल्द ही वे रायपुर आकर प्रदेश के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल, प्रदेशाध्यक्ष अरूण साव, संगठन महामंत्री पवन साय सहित अन्य बड़े नेताओं से मिलकर कार्यकारिणी को लेकर रायशुमारी करेंगे। कार्यकारिणी को लेकर भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या का भी 35 प्लस काे नो एंट्री का फरमान जारी हाे गया है। इसके पहले पिछली बार संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भी 35 प्लस काे न रखने का फरमान जारी किया था, लेकिन तब ओवरएज काे रख लिया गया था। इस समय प्रदेश कार्यकारिणी के साथ जिलाध्यक्षों काे मिलाकर करीब डेढ़ दर्जन पदाधिकारी ओवरएज हैं, उनको बाहर का रास्ता दिखाने की भी तैयारी है।
भाजपा का पूरा फोकस मिशन 2023 पर है। भाजपा की रणनीति विधानसभा चुनाव में जीत प्राप्त करके फिर से सत्ता में वापसी की है। इसके लिए प्रदेश संगठन में लगातार बदलाव किए जा रहे हैं। प्रदेशाध्यक्ष को बदलने के बाद अब उनकी जो नई कार्यकारिणी बनी है, इसमें भी बड़ा बदलाव किया गया है। 54 सदस्यों की कार्यकारिणी में दो दर्जन नए चेहरे हैं। इसी के साथ कार्यकारिणी से 60 साल से ज्यादा वालों की छुट्टी हो गई है।
ओवरएज हाेंगे आउट
भाजयुमो की पुरानी कार्यकारिणी में राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के 35 साल से ज्यादा वालों को न रखने के निर्देश के बाद कुछ ओवरएज कार्यकर्ताओं को पदाधिकारी बना दिया गया है। इसको लेकर बड़ा विवाद भी हुआ। इस मामले में पूर्व प्रदेश प्रभारी डी. पुरंदेश्वरी ने कार्रवाई की भी तैयारी की थी। सभी पदाधिकारियों की पूरी कुंडली मंगवाई गई थी, लेकिन मामला ठंडे बस्ते में चला गया। लेकिन अब नई कार्यकारिणी को लेकर कहा जा रहा है, इसमें जहां पदाधिकारी अंडर 35 साल वाले ही रहेंगे, वहीं जो ज्यादा उम्र के हैं उनको बाहर का रास्ता दिखाया जाएगा। ऐसे में प्रदेश कार्यकारिणी के कुछ नेताओं के साथ कई जिलाध्यक्ष भी बाहर हो जाएंगे।
कार्यकारिणी में होगा बदलाव
भाजयुमो में जो बदलाव होगा, उसका सबसे बड़ा पैमाना सक्रियता होगा। दो साल से कार्यकारिणी में शामिल जो भी युवा अब तक कुछ नहीं कर पाए हैं, उनकी विदाई तय है। उनके स्थान पर नए युवाओं को मौका दिया जाएगा। नए अध्यक्ष रवि भगत का कहना है, कार्यकारिणी में प्रदेश की कार्यकारिणी की तरह ही बदलाव होगा। जो युवा ज्यादा ऊर्जा और शक्ति के साथ काम करेंगे उनको माैका दिया जाएगा। कार्यकारिणी में हर वर्ग के साथ हर संभाग के जिलों का संतुलन भी बनाने का प्रयास होगा। उन्होंने कहा, कार्यकारिणी को लेकर तैयारी चल रही है, दीपावली को देखते हुए अब इसके बाद ही कार्यकारिणी घोषित करने का फैसला किया गया है। हर हाल में इस माह के अंत तक कार्यकारिणी का ऐलान हो जाएगा।



