मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
national

बांका में युवती से बदसलूकी पर बवाल

बिहार के बांका जिले अंतर्गत बौंसी स्थित प्रसिद्ध मंदार पहाड़ पर युवती के साथ मारपीट और छेड़छाड़ मामले में शनिवार को प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की। प्रशासनिक और पुलिस टीम ने बाराहाट थाना क्षेत्र के चिहार गांव पहुंचकर मामले के तीन नामजद आरोपितों अब्दुला, नितीश और विकास राय के घरों पर बुलडोजर चलाकर उनके अवैध निर्माण व अतिक्रमण को ध्वस्त कर दिया। इस कार्रवाई के दौरान एसडीएम राज कुमार समेत कई वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौके पर मौजूद रहे।

एफएसएल टीम ने घटनास्थल से एकत्र किए वैज्ञानिक साक्ष्य

मामले में पुलिस की जांच को वैज्ञानिक आधार देने के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला (FSL) की विशेष टीम ने शनिवार को मंदार पहाड़ स्थित घटनास्थल का मुआयना किया। जांच टीम ने मौके से कई महत्वपूर्ण वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए हैं। अधिकारियों को उम्मीद है कि इन साक्ष्यों से मामले की निष्पक्ष और ठोस जांच में बड़ी मदद मिलेगी।

6 से 7 लोगों के खिलाफ केस दर्ज, विशेष टीम कर रही छापेमारी

युवती के साथ हुई बदसलूकी और मारपीट के इस मामले में कुल 6 से 7 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। इनमें से 3 मुख्य आरोपितों की पहचान कर ली गई है। एसडीपीओ इंद्रजीत बैठा ने जानकारी दी कि सभी फरार आरोपितों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी के लिए पुलिस की एक विशेष टीम गठित की गई है, जो लगातार उनके संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

परिजनों को हिरासत में लेकर पूछताछ जारी

पुलिस ने फरार चल रहे आरोपितों पर दबाव बनाने और उनके सुराग पाने के लिए उनके कुछ परिजनों को हिरासत में लिया है। पुलिस अधिकारी हिरासत में लिए गए लोगों से कड़ाई से पूछताछ कर रहे हैं। पुलिस प्रशासन का कहना है कि आरोपितों की धरपकड़ के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं और बहुत जल्द सभी को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।

Related Articles

Back to top button