देहरादून वॉरियर्स बनी यूपीएल-2026 चैंपियन, हरिद्वार इल्मास को 36 रन से हराया - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
Sports

देहरादून वॉरियर्स बनी यूपीएल-2026 चैंपियन, हरिद्वार इल्मास को 36 रन से हराया

देहरादून। देहरादून वॉरियर्स ने उत्तराखंड प्रीमियर लीग (यूपीएल) के तीसरे सत्र का खिताब अपने नाम कर लिया। राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में गुरुवार को खेले गए फाइनल में देहरादून ने हरिद्वार इल्मास को 36 रन से हराया।

कप्तान कुणाल चंदेला की 90 रन की कप्तानी पारी और आदित्य रावत की चार विकेट की शानदार गेंदबाजी जीत की प्रमुख वजह रही।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी देहरादून की टीम ने 22 रन पर दो विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद कुणाल चंदेला ने पारी को संभाला और आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 51 गेंदों पर आठ चौकों और चार छक्कों की मदद से 90 रन बनाए।

मोहम्मद उजैर मलिक ने 46 गेंदों पर चार चौकों और चार छक्कों के साथ 64 रन की उपयोगी पारी खेली। दोनों के बीच हुई साझेदारी ने देहरादून को शुरुआती झटकों से उबारते हुए 20 ओवर में सात विकेट पर 197 रन तक पहुंचाया।

198 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी हरिद्वार इल्मास की शुरुआत बेहद खराब रही। पहली ही ओवर में विकेट गंवाने के बाद टीम लगातार दबाव में रही और 68 रन तक उसके पांच बल्लेबाज पवेलियन लौट चुके थे। देहरादून के गेंदबाजों ने नियमित अंतराल पर विकेट लेकर हरिद्वार को लक्ष्य की ओर बढ़ने नहीं दिया।

आदित्य रावत ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3.4 ओवर में महज 19 रन देकर चार विकेट चटकाए। अभिषेक सिंह ने दो और सुमित जुयाल ने दो विकेट लिए, जबकि देवेंद्र एस. बोरा और नीरज सिंह राठौर को एक-एक सफलता मिली।

हरिद्वार की ओर से शाश्वत डंगवाल ने 31 गेंदों पर पांच चौकों और पांच छक्कों की मदद से 59 रन बनाकर मुकाबले में वापसी की कोशिश की, लेकिन उन्हें दूसरे छोर से पर्याप्त सहयोग नहीं मिला। पूरी टीम 19.4 ओवर में 161 रन पर आउट हो गई।

इस जीत के साथ देहरादून वॉरियर्स ने यूपीएल के तीसरे सत्र की ट्रॉफी अपने नाम की। लीग चरण में भी टीम ने छह में से चार मैच जीते थे और बेहतर नेट रन रेट के आधार पर अंक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल किया था।

 

Related Articles

Back to top button