मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
State

अब भाजयुमो और किसान मोर्चा में नए चेहराें काे मिलेगा माैका

रायपुर(realtimes) प्रदेश संगठन में बदलाव की बयार अभी लंबी चलने की संभावना है। प्रदेशाध्यक्ष अरूण साव ने अपनी नई कार्यकारिणी में तीन अहम मोर्चा में से भाजयुमो और किसान मोर्चा के अध्यक्ष बदल दिए हैं। भाजयुमो का नया अध्यक्ष रवि भगत और किसान मोर्चा का पवन कुमार साहू को बनाया गया है। दोनों नए अध्यक्षों का कहना है, कार्यकारिणी में बदलाव किया जाएगा, लेकिन यह बदलाव वरिष्ठ नेताओं से रायशुमारी और सहमति से होगा। यह तय है कि कई नए चेहरों को यहां भी मौका दिया जाएगा। महिला मोर्चा की अध्यक्ष को भी बदले जाने की चर्चा थी, लेकिन उनको अभ्यदान मिल गया है।

भाजपा का पूरा फोकस मिशन 2023 पर है। भाजपा की रणनीति विधानसभा चुनाव में जीत प्राप्त करके फिर से सत्ता में वापसी की है। इसके लिए प्रदेश संगठन में लगातार बदलाव किए जा रहे हैं। प्रदेशाध्यक्ष को बदलने के बाद अब उनकी जो नई कार्यकारिणी बनी है, इसमें भी बड़ा बदलाव किया गया है। 54 सदस्यों की कार्यकारिणी में दो दर्जन नए चेहरे हैं। इसी के साथ कार्यकारिणी से 60 साल से ज्यादा वालों की छुट्टी हो गई है।

सक्रियता होगा बड़ा पैमाना

भाजयुमो और किसान मोर्चा में जो बदलाव होगा, उसका सबसे बड़ा पैमाना सक्रियता होगा। दो साल से कार्यकारिणी में शामिल जो भी युवा अब तक कुछ नहीं कर पाए हैं, उनकी विदाई तय है। उनके स्थान पर नए युवाओं को मौका दिया जाएगा। नए अध्यक्ष रवि भगत का कहना है, कार्यकारिणी में प्रदेश की कार्यकारिणी की तरह ही बदलाव होगा। जो युवा ज्यादा ऊर्जा और शक्ति के साथ काम करेंगे उनको माैका दिया जाएगा। कार्यकारिणी में हर वर्ग के साथ हर संभाग के जिलों का संतुलन भी बनाने का प्रयास होगा। किसान मोर्चा के अध्यक्ष पवन कुमार साहू का कहना है कार्यकारिणी में बदलाव तय है, लेकिन कितना बड़ा बदलाव होगा, यह तो वरिष्ठ नेताओं से चर्चा के बाद ही तय करेंगे।

महिला मोर्चा में दो पद खाली

महिला मोर्चा की प्रदेश मंत्री श्यामा बाई के प्रदेश संगठन की कार्यकारिणी में शामिल होने के बाद उनका पद खाली हाे गया है। इसी के साथ एक उपाध्यक्ष का पद खाली है। दो साल से कार्यकारिणी में पांच ही उपाध्यक्ष काम कर रहे हैं, जबकि छह उपाध्यक्ष रखने की मंजूरी मोर्चा को है। अध्यक्ष शालिनी राजपूत का कहना है, पहले तो इन खाली पदों को भरेंगे, इसके बाद प्रदेेश संगठन से निर्देश मिला तो कुछ नए चेहरों को भी मौका देंगे। उन्होंने कहा अब तक कार्यकारिणी को लेकर प्रदेश संगठन से कोई निर्देश नहीं मिला है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button