मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
State

कार्यकर्ताओं काे उनके ही जिले में जाकर चार्ज करेगी साव-चंदेल की जोड़ी

रायपुर(realtimes) भाजपा ने मिशन 2023 के लिए ही प्रदेशाध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष में बदलाव किया है। अब भाजपा के नए प्रदेशाध्यक्ष अरूण साव और नए नेता प्रतिपक्ष नारायण सिंह चंदेल की जोड़ी नई रणनीति के तहत ही इसी माह से सभी जिलों का दौरा करेगी। इस दौरे का सबसे बड़ा मकसद रूठे कार्यकर्ताओं काे मनाकर चार्ज करना है ताकि अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव में भाजपा की सत्ता में वापसी हाे सके।

भाजपा के राष्ट्रीय संगठन ने सबसे पहले प्रदेशाध्यक्ष और इसके बाद नेता प्रतिपक्ष को बदलने का काम किया है। अब राष्ट्रीय संगठन के निर्देश पर यह नई जोड़ी प्रदेश भर के कार्यकर्ताओं को साधने और उनको अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए तैयार करने जिलों का दौरा करेगी। भाजपा के इतिहास में ऐसा पहले कभी नहीं हुआ है कि अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष ने एक साथ सभी जिलों का दौरा किया हो, लेकिन अब ऐसा होने वाला है। हां कांग्रेस में ऐसा जरूर हो चुका है। जब भूपेश बघेल कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष और टीसी सिंहदेव नेता प्रतिपक्ष थे, तब इस जोड़ी ने प्रदेश के जिलों का दाैरा किया था। अब ठीक उसी तर्ज पर भाजपा की जोड़ी भी जिलों का दौरा करने वाली है।

साथ-साथ जाएंगे

दौरा कबसे होगा, इसको लेकर अभी तिथि तय नहीं की गई है। लेकिन इतना जरूर तय है कि पहले दौरे में दोनों नेता एक साथ जाएंगे। नेता प्रतिपक्ष नारायण सिंह चंदेल का कहना है, सभी जिलों में साथ जाने की रणनीति पर जल्द फैसला होगा। इसी के साथ यह भी तय किया जाएगा कि कब कहां जाना है। उन्होंने बताया, पहले चरण के बाद भले जब लगेगा कि अलग-अलग भी जिलों का दौरा करना है तो वह भी किया जाएगा। हर हाल में सभी जिलों के कार्यकर्ताओं के मन की बात जाननी है और उनकी समस्याओं काे भी दूर करना है। एक-एक कार्यकर्ता को मिशन 2023 के लिए तैयार करना है। प्रदेशाध्यक्ष अरूण साव का कहना है, दौरा होगा, लेकिन अभी इसको लेकर कार्ययोजना नहीं बनी है। जल्द ही योजना तैयार करके दौरा करेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button