बुधवार को कौशिक की विदाई, चंदेल की हाेगी नेता प्रतिपक्ष के रूप में ताजपाेशी

रायपुर(realtimes) प्रदेश के भाजपा संगठन में बदलाव की बयार चल रही है, भाजपा में नए प्रदेशाध्यक्ष के बाद अब नया नेता प्रतिपक्ष भी बनना तय हो गया है। नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक की बुधवार काे विदाई हो जाएगी। नए नेता प्रतिपक्ष नारायण सिंह चंदेल होंगे। भाजपा ने कुर्मी के स्थान पर कुर्मी विधायक को ही नेता प्रतिपक्ष बनाना तय किया है। प्रदेश में इस समय कुर्मी और साहू समाज को साधने में भाजपा भी लगी हुई है।
भाजपा के राष्ट्रीय संगठन का पूरा फोकस छत्तीसगढ़ में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर है। इसके लिए पार्टी वो सब करने की तैयारी में है जिससे भाजपा की सत्ता में वापसी हो सकी। इसकी पहली कड़ी में प्रदेशाध्यक्ष बदला गया है। नया प्रदेशाध्यक्ष साहू समाज के बिलासपुर के सांसद अरूण साव को बनाया गया है। नए अध्यक्ष की ताजपोशी के साथ ही यह बात भी तय हो गई थी कि अगले कदम पर नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक की विदाई होगी। उनको दिल्ली भी तलब किया गया। श्री कौशिक की राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से बंद कमरे में बात भी हुई। उनके बीच क्या बात हुई इसकी खुलासा नहीं किया गया, लेकिन अब यह बात सामने आ रही है कि स्वतंत्रता दिवस के एक दिन बाद ही 17 अगस्त को श्री कौशिक की विदाई हो जाएगी।
कुर्मी के बदले कुर्मी नेता प्रतिपक्ष
नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक कुर्मी समाज के हैं। कांग्रेस के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी कुर्मी समाज के हैं। प्रदेश में ओबीसी की संख्या ज्यादा होने के कारण भाजपा का भी पूरा फोकस ओबीसी पर है। इसमें साहू और कुर्मी समाज की संख्या ज्यादा है। साहू समाज को प्रदेशाध्यक्ष के रूप में प्रतिनिधित्व देने के बाद अब भाजपा कुर्मी नेता प्रतिपक्ष के स्थान पर कुर्मी नेता प्रतिपक्ष ही बनाने वाली है। इस समय भाजपा के विधायकों में एक अजय चंद्राकर और दूसरे नारायण सिंह चंदेल कुर्मी समाज के हैं। श्री चंद्राकर को जहां राष्ट्रीय कार्यसमिति में रखा गया है, वहीं उनको कुछ दिन पहले ही प्रदेश संगठन का मुख्य प्रवक्ता बनाया गया है। ऐसे में श्री चंदेल के ही नेता प्रतिपक्ष बनने की संभावना ज्यादा है।
विधायक दल की बैठक 17 काे
भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व के निर्देश पर 17 अगस्त काे विधायक दल की बैठक कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में बुलाई गई है। इसमें जहां क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल शामिल हाेंगे, वहीं बैठक में शामिल हाेने सहप्रभारी नितिन नवीन कल शाम काे आएंगे। वैसे प्रदेश प्रभारी डी. पुरंदेश्वरी का भी पहले आने का कार्यक्रम था, लेकिन उनका आना नहीं हाे पा रहा है।
बैठक में श्री काैशिक के स्थान पर श्री चंदेल काे नया नेता प्रतिपक्ष चुना जाएगा। इसके बाद इसकी सूचना विधानसभा अध्यक्ष डा. चरणदास महंत काे विधिवत दी जाएगी।