मंदी की ओर जाने का सवाल नहीं : सीतारमण - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
business

मंदी की ओर जाने का सवाल नहीं : सीतारमण

नयी दिल्ली, 1 अगस्त (एजेंसी)

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने देश के मंदी के दौर में जाने की आशंका को खारिज करते हुए सोमवार को कहा कि कोविड महामारी, रूस-यूक्रेन युद्ध और आपूर्ति शृंखला में अवरोधों के बावजूद भारत आज दुनिया में सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि खुदरा मुद्रास्फीति को 7 प्रतिशत से नीचे लाने के प्रयास किये जा रहे हैं।

लोकसभा में नियम 193 के तहत महंगाई के विषय पर आज हुई चर्चा का जवाब देते हुए सीतारमण ने कहा कि मुश्किल दौर में पूरा देश एक होकर खड़ा हुआ और यही कारण है कि आज हम शेष दुनिया के मुकाबले अपेक्षाकृत मजबूत स्थिति में हैं। इसका श्रेय जनता को दिया जाना चाहिए। वित्त मंत्री ने डेढ़ घंटे से अधिक अवधि के जवाब के दौरान कहा कि सरकार और भारतीय रिजर्व बैंक के अनेक कदमों के कारण देश की हालत कई अन्य देशों से अच्छी है। वित्त मंत्री ने कहा कि यूपीए सरकार के कार्यकाल में 22 महीने तक मुद्रास्फीति 9 प्रतिशत से ज्यादा रही और 9 से अधिक बार 10 से ज्यादा यानी दो अंक में रही। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और विपक्ष को उन दिनों को याद करना चाहिए।

कांग्रेस का वॉकआउट : कांग्रेस के सदस्यों ने वित्त मंत्री के जवाब पर असंतोष जताते हुए सदन से वॉकआउट किया। वित्त मंत्री ने कहा कि महंगाई पर चर्चा नहीं कराने का आरोप लगाने वाली कांग्रेस जवाब तक सुनने को तैयार नहीं है, इससे उसका दोहरा चरित्र स्पष्ट हो रहा है। द्रमुक सदस्यों ने भी वॉकआउट किया।

Related Articles

Back to top button