आज सीएम हाउस घेरने निकलेंगे भाजपा के दस हजार कार्यकर्ता, राेकने एक हजार पुलिस जवान भी तैनात

रायपुर(realtimes) धरना, आंदोलन, प्रदर्शन, रैली के लिए अनुमति लेने के लिए बनाए गए नियम के विरोध में भाजपा का आज प्रदेश भर में जेल भरो आंदोलन होगा। सबसे बड़ा आंदोलन राजधानी रायपुर में किया जाएगा। यहां पर सीएम हाउस का घेराव होगा। भाजपा के दस हजार से ज्यादा कार्यकर्ता शहर के चार स्थानों मरीन ड्राइव, कालीबाड़ी चौक, आजाद चौक और फाफीडीह चौक से मुख्यमंत्री निवास घेरने के लिए 12 बजे निकलेंगे। कार्यकर्ताओं का नेतृत्व सौ से ज्यादा नेता करेंगे। इधर आंदाेलनकारियाें काे राेकने के लिए एक हजार से ज्यादा पुलिस जवान और अधिकारियों की तैनाती की गई है। इसी के साथ शहर के आठ रास्ताें काे बंद किया गया है। पुलिस प्रशासन हर हाल में सीएम हाउस पहुंचने से भाजपाईय़ाें काे राेकने का प्रयास करेगा।
नए नियमों को लेकर भाजपा ने इसका विरोध नियम बनाए जाने के बाद से ही करना प्रारंभ किया। दो बार कोर ग्रुप की बैठक में भी इसको लेकर रणनीति बनी है। पहले सभी जिलों में बड़े नेताओं ने पत्रकारवार्ता करके प्रदेश सरकार को 15 दिनों में नियम वापस लेने का समय दिया। प्रदेश सरकार ने अब तक नियम वापस नहीं लिया है। अब भाजपा जेल भरो आंदोलन कर रही है।
यहां से निकलेंगे भाजपा नेता और कार्यकर्ता
भाजपा ने जिन चार स्थानों पर कार्यकर्ताओं को एकत्रित कर वहां से सीएम हाउस कूच करने की याेजना बनाई है, उसके लिए नेतृत्व करने वाले नेता भी तय किए गए हैं। हर स्थान पर दो से तीन हजार कार्यकर्ताओं को एकत्रित करने का जिम्मा मंडलों को दिया गया है। हर स्थान के लिए मंडल और भारी संख्या में नेता भी तय किए गए हैं। तेलीबांधा मरीन ड्राइव में तेलीबांधा, शंकर नगर, माना और सिविल लाइन मंडल के कार्यकर्ता एकत्रित होंगे। इनका नेतृत्व शहर जिला अध्यक्ष श्रीचंद सुंदरानी, छगन मुंदड़ा, नवीन मार्कडेंय सहित दो दर्जन से ज्यादा नेता करेंगे। कालीबाड़ी में सदर बाजार, पुरानी बस्ती और ग्रामीण मंडल के कार्यकर्ता एकत्रित होंगे। इनका नेतृत्व बृजमोहन अग्रवाल, सुनील साेनी, मोतीलाल साहू, नंदे साहू, अभिनेश कश्यप, अमित साहू, सच्चिनानंद उपासने सहित दो दर्जन से ज्यादा नेता करेंगे। आजाद चौक में डीडीनगर, जवाहर नगर , तात्यापारा, रामसागर पारा, लाखेनगर मंडल के कार्यकर्ता जुटेंगे। इसका नेतृत्व पूर्व मंत्री राजेश मूणत, मीनल चौबे, प्रफुल्ल विश्वकर्मा सहित यहां पर एक दर्जन से ज्यादा नेता रहेंगे। फाफीडीह चौक में गुढ़ियारी, बीरगांव, भनपुरी और फाफाडीह मंडल के कार्यकर्ता एकत्रित होंगे। यहां का नेतृत्व पूर्व विधायक देवजी भाई पटेल, संजय श्रीवास्तव, राजीव अग्रवाल सहित दर्जन भर नेता करेंगे।
सीएम हाउस में काले गुबारे उड़ाने की भी योजना
चारों तरफ से भाजपा के कार्यकर्ता सीएम हाउस पहुंचने की कोशिश करेंगे। इनको रोके जाने और लाठी चार्ज होने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने फैसला किया है कि किसी भी तरह से सीएम हाउस के आस-पास से काले गुबारे छोड़े जाएंगे और उनको सीएम हाउस तक पहुंचाया जाएगा। अलग-अलग स्थानों से भी सीएम हाउस तक पहुंचाने का प्रयास भाजपा के नेता और कार्यकर्ता करेंगे।