सोनिया गांधी ने मोदी सरकार पर लगाए गंभीर आरोप

दिल्ली में कांग्रेस की अहम बैठक
नई दिल्ली(realtimes) दिल्ली में कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी की अध्यक्षता में शनिवार को एक अहम बैठक हुई। बैठक में नरेंद्र मोदी सरकार के खिलाफ कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन की तैयारियों पर चर्चा की गई। इसके साथ ही विरोध प्रदर्शन की क्या रूप-रेखा होगी इस पर भी चर्चा की गई।
बैठक के बाद सोनिया गांधी की ओर से जारी बयान में मोदी सरकार के फैसलों पर सवाल उठाए गए हैं। सोनिया गांधी ने मोदी सरकार पर 90 लाख नौकरियों के नुकसान का आरोप भी लगाया है।
सोनिया गांधी ने मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, ताजा चौंकाने वाला खुलासा यह है कि मोदी सरकार द्वारा इजरायल के पेगासस सॉफ्टवेयर के जरिये कार्यकर्ताओं, पत्रकारों और राजनेताओं पर जासूसी गतिविधियां हुई हैं। ये गतिविधियां केवल अवैध और असंवैधानिक ही नहीं बल्कि शर्मनाक हैं।
कांग्रेस की अंतरिम प्रेसिडेंट सोनिया गांधी ने कहा कि, पहली तिमाही में जीडीपी की ग्रोथ दर 5 फीसदी रही है। बेरोजगारी का का स्तर 8.5 फीसदी पर पहुंचना एक चिंता का विषय है। हाल के अध्ययनों से अब विमुद्रीकरण, जीएसटी और मोदी सरकार के बाद के आर्थिक फैसलों के चलते अर्थव्यवस्था एक बुरे दौर से गुजर रही है। इन सब के परिणाम स्वरूप पिछले 6 सालों में 90 लाख नौकरियों का नुकसान हुआ है।