Delhi के उत्तम नगर थाना पुलिस ने हेरोइन तस्करी मामले में महिला को किया गिरफ्तार, 20 लाख रुपये की हेरोइन की जब्त

उत्तम नगर थाना पुलिस ने हेरोइन की तस्करी करने वाली एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने महिला के कब्जे से 20 लाख रुपये कीमत की हेरोइन जब्त की है। पुलिस महिला आरोपी से पूछताछ कर हेरोइन सप्लायर की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है। जिला पुलिस उपायुक्त शंकर चौधरी ने बताया कि गिरफ्तार महिला की पहचान जेजे कालोनी उत्तम नगर निवासी सुरेखा (49) के रूप में हुई है। जिला पुलिस मादक द्रव्य की तस्करी में लिप्त आरोपियों की पहचान कर उनकी धरपकड़ करती है। इसके लिए पुलिस टीम लगातार इलाके में गश्त करती है। 19 मार्च को उत्तम नगर थाने में तैनात सिपाही विकास और महिला सिपाही प्रियंका इलाके में गश्त कर रही थी। श्मशान घाट के पास पुलिस ने एक महिला को संदिग्ध हालत में घूमते देखा। पुलिस कर्मियों ने उसे रुकने का इशारा किया। लेकिन महिला पुलिसकर्मियों को देखकर भागने लगी। महिला पुलिसकर्मी ने पीछा कर महिला को दबोच लिया। तलाशी लेने के बाद उसके पास से 23 ग्राम हेरोइन मिली। पुलिस महिला को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि महिला मादक द्रव्य की तस्करी में पहले से लिप्त है। महिला पर मादक द्रव्य अधिनियम के दो मामले, आबकारी के 27 मामले और एक जुआ का मामला दर्ज है। पुलिस महिला से पूछताछ कर हेरोइन की सप्लाई करने वाले की पहचान कर ली है और उसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।