धान रिजेक्ट करना कांग्रेस सरकार की संवेदनहीनता- साय

रायपुर(realtimes) भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय ने कहा, विभिन्न धान खरीदी केंद्रों से किसानों का धान रिजेक्ट करने की आ रही खबरें प्रदेश सरकार की किसानों के प्रति घोर संवेदनहीनता की परिचायक हैं, जबकि किसानों की फसल प्रदेश सरकार के हठीलेपन और षड्यंत्रकारी मानसिकता के कारण बेमौसम बारिश में खराब हुई है।
श्री साय ने कहा, भाजपा ने प्रदेश सरकार को आगाह किया था कि प्रदेश सरकार ने एक नवंबर से धान खरीदी शुरू नहीं करके किसानों को आपदा का शिकार बनाया है और अब उसे हर हाल में किसानों का पूरा धान मापदंडों को शिथिल करके खरीदना चाहिए। श्री साय ने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल उत्तरप्रदेश के किसानों के नाम पर राजनीति तो खूब कर रहे हैं हैं, लेकिन छत्तीसगढ़ के किसानों के प्रति उनमें रत्तीभर संवेदना नहीं है। कीट-प्रकोप, बीमारियों और बेमौसम बारिश की मार से धान के उत्पादन में गिरावट आई है। किसान जैसे-तैसे अपनी फसल बचाकर खरीदी केंद्रों में समर्थन मूल्य पर धान बेचने पहुंच रहे हैं तो वहां धान में नमी और धान के लाल होने की बात करके धान को रिजेक्ट किया जा रहा है। श्री साय ने कहा कि संबंधित जवाबदेह अधिकारी भी किसानों की गुहार को अनसुना कर अपनी जवाबदेही से पल्ला झाड़ने में लगे हैं। श्री साय ने कहा कि किसानों की फसल के रिजेक्ट करके प्रदेश सरकार किसानों को प्रताड़ित करने का काम कर रही है। अगर किसानों का धान खरीदने में प्रदेश सरकार इसी तरह आनाकानी करेगी तो किसान अपना कर्ज कैसे चुका पाएंगे।