भारत बंद के बीच सिंघू बॉर्डर पर दिल का दौरा पड़ने से किसान की मौत, किसानों का फूटा गुस्सा

नई दिल्ली: भारत बंद के दौरान राजधानी दिल्ली-हरियाणा के सिंघू बॉर्डर पर सोमवार को आंदोलन कर रहे एक किसान की दिल का दौरा पड़ने से मृत्यु हो गई। पुलिस सूत्रों ने बताया कि मृतक का नाम बघेल राम (55) है। वह पंजाब में जालंधर का निवासी था। उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया पीड़ति की मृत्यु का कारण हार्ट अटैक माना जा रहा है लेकिन पोस्टमार्टम के बाद उसके मौत के वास्तविक कारणों का पता लग पाएगा। इस संबंध में जरुरी कानूनी कार्यवाही की जा रही है। वहीं किसान अपने साथी की मौत को लेकर गुस्से में हैं।
आंदोलन कर रहे एक अन्य किसान ने बताया कि बघेल राम सिंघू बॉर्डर पर कई महीने से धरने पर बैठा था। संयुक्त किसान मोर्चे की ओर से किया गया भारत बंद आंदोलन का आह्वान सुबह 6 बजे से अपराह्न 4 बजे तक चलेगा। देशभर से किसानों के धरने प्रदर्शन की खबरें हैं। धरने प्रदर्शन के कारण दिल्ली समेत हरियाणा पंजाब, बिहार, पश्चिम बंगाल, तेलंगाना और कई राज्यों में यातायात पर काफी प्रतिकूल असर पड़ा है। राजधानी दिल्ली में हरियाणा के गुरुग्राम और उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद एवं नोएडा से वाहनों से आने वालों को सड़कों पर सुबह से ही लंबे जाम से दो-चार होना पड़ा। इसकी वजह से राहगीरों एवं वाहन चालकों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।