प्रचार से लौटे डॉ. रमन, कहा – असम में फिर बनेगी भाजपा की सरकार

रायपुर(realtimes) असम चुनाव में सभाएं लेकर वापस लौटे प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह का कहना है, असम में भाजपा सरकार ने जो काम किए हैं और केंद्र सरकार ने भी असम में जिस तरह की योजनाएं लागू की है, उसका पूरा फायदा भाजपा को मिलेगा। इसमें संदेह नहीं है कि असम में एक बार फिर से भाजपा सरकार बनाने जा रही है। कांग्रेस अपनी नीतियों के कारण ही कुछ नहीं कर पाएगी।
डा. सिंह ने कहा, वहां 47 सीटों के लिए मतदान होगा। गुवाहाटी और डिब्रूगढ़ विधानसभा क्षेत्र के प्रचार में शामिल हुआ। वर्तमान असम सरकार और केंद्र सरकार के 5 साल के कार्यकाल के अच्छे कामों का लाभ भाजपा को मिलेगा। 60 माह में 60 साल से अधिक के विकास कार्य हुए हैं। डॉ. सिंह ने कहा, कांग्रेस का दोहरा चरित्र है। वह अलग-अलग दलों के साथ अलग-अलग समझौते करती है। सांप्रदायिक ताकतों के साथ मिलकर अपने आप को धर्मनिरपेक्ष कहती है। कांग्रेस ने असम में घुसपैठियों को छूट दे रखी है। असम घुसपैठियों की वजह से ही बर्बाद हुआ है। मुझे नहीं लगता कांग्रेस असम में बहुत कुछ बेहतर कर पाएगी।
उन्होंने कहा, भूपेश बघेल लगातार असम में छत्तीसगढ़ मॉडल की बात करते हैं, मैंने बताया है कि असल में छत्तीसगढ़ मॉडल क्या है। मैंने असम के लोगों को बताया, छत्तीसगढ़ में आज आर्थिक दिवालियापन है, शराब माफिया, कोल माफिया, लैंड माफिया काम कर रहे हैं। छत्तीसगढ़ अपराध गढ़ बन गया है। डॉ. सिंह ने कहा, कोरोना से पूरे देश में जो स्थिति बनी हुई है,उस स्थिति से मुकाबला करने के छत्तीसगढ़ में भी सावधानी बरतने की जरूरत है। क्रिकेट के चलते जहां 20 हजार की मंजूरी थी, वहां 40 हजार से ज्यादा दर्शकों को स्टेडियम में प्रवेश दिया गया। ऐसा काम सरकार के प्रमुख लोग करेंगे तो कहां से कोरोना से सुरक्षा होगी।