शीला दीक्षित के निधन पर शोक की लहर

नई दिल्ली(realtimes) शीला दीक्षित के निधन पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, उप राष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडु, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, सोनिया गाँधी, राहुल गाँधी ने गहरा शाेक व्यक्त किया है और उन्हें समाज के प्रति समर्पित एक शानदार व्यक्तित्व बताया है।
श्रीमती दीक्षित का आज यहां एक निजी अस्पताल में हृदयघात के बाद निधन हो गया। वह 81 वर्ष की थी।श्री काेविंद ने एक शोक संदेश में कहा कि श्रीमती दीक्षित के निधन की खबर से गहरा दुख पहुंचा है। वह दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ राजनेता थी। उनके कार्यकाल में राष्ट्रीय राजधानी में उत्कृष्ट परिवर्तन आया जिसके लिए वह याद की जाएगीं। राष्ट्रपति ने श्रीमती दीक्षित के परिजनों और उनके सहयोगियों के प्रति समवेदना व्यक्त की है।
पीएम मोदी ने एक ट्वीट में कहा,“शीला दीक्षित जी के निधन से गहरे शोक में हूं। वह एक गर्मजोशी से भरी और स्नेहपूर्ण व्यक्तित्व थी। दिल्ली के विकास में उन्होेंने उल्लेखनीय योगदान दिया। उनके परिजनों एवं समर्थकों के प्रति समवेदना। ओम शांति।
पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने शीला दीक्षित के निधन पर दुख जताते हुए कहा है कि शीला दीक्षित के अचानक गुजर जाने की बात सुनकर हैरान हूं, आज देश ने जनता के लिए समर्पित नेता को खो दिया। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शीला दीक्षित के निधन पर दुख जताया। उन्होंने ट्विटर पर ट्वीट किया कि वो कांग्रेस की चहेती बेटी थीं। दुख की इस घड़ी में मेरी उनके परिवार और दिल्ली के नागरिकों के प्रति संवेदना है। अपने तीन कार्यकाल में उन्होंने काफी अच्छा काम किया, मैं शीला दीक्षित के निधन से बेहद दुखी हूं।