भाजपा नेता वैक्सीन लगवाकर दिलाएंगे लोगों को भरोसा

राष्ट्रीय संगठन के निर्देश पर प्रदेश भर में चलेगा मदद करने का बड़ा अभियान अभियान
रायपुर(realtimes) कोरोना वैक्सीन को लेकर प्रदेश में फैले भ्रम को दूर करने भाजपा संगठन ने बड़ा फैसला किया है। पूर्व मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह सहित कई बड़े भाजपा नेता पहले ही वैक्सीन लगवा चुके हैं, अब हर जिले के नेताओं को भी वैक्सीन पहले खुद लगवाने का फरमान जारी किया गया है। इसके बाद शहर से लेकर गांव तक वैक्सीन लगवाने वाले लोगों की मदद करने का अभियान चलाया जाएगा।
कोरोना के भारी कहर के समय लॉकडाउन में जिस तरह से देश के हर राज्य में भाजपा ने मदद करने का अभियान चलाया था, ठीक उस तरह से अब वैक्सीन को लेकर मदद करने की योजना तैयार की गई है। इसको लेकर राष्ट्रीय संगठन का पैगाम यहां पर प्रदेश प्रभारी डी. पुरंदेश्वरी ने दिया है। अब इसको लेकर प्रदेश भाजपा संगठन ने तैयारी की है।
जिलों को लिखा गया पत्र
प्रदेश संगठन ने तय किया है कि पहले चरण में करीब एक सप्ताह तक हर जिले के पदाधिकारी और कार्यकर्ता जिनकी उम्र 60 साल है, इसी के साथ जो गंभीर बीमारी से ग्रस्त हैं और 45 साल के हैं, वे पहले वैक्सीन लगवाएंगे। ऐसा करके लोगों को यह संदेश देने का काम किया जाएगा कि वैक्सीन पूरी तरह से सुरक्षित है। प्रदेशाध्यक्ष विष्णुदेव साय का कहना है, प्रदेश में वैक्सीन को लेकर भ्रम पैदा करने का काम किया गया है। हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ देश के मंत्रियों ने भी वैक्सीन लगवाई है। प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह के साथ भाजपा के सांसद, विधायक और कई नेता पहले ही वैक्सीन लगवा चुके हैं। अब सभी जिलों में पहले हमारे पदाधिकारी और कार्यकर्ता वैक्सीन लगवाएंगे।
करेंगे सबकी मदद
भाजपा ने उन सभी की मदद करने का फैसला किया है जो वैक्सीन लगवाने के पात्र हैं। शहर से लेकर गांव तक ऐसे पात्र लोगों को पंजीयन कराने से लेकर वैक्सीन लगवाने तक पूरी मदद की जाएगी। इसके लिए भाजपा के जिला, मंडल, बूथ के कार्यकर्ता जुटेंगे। सभी मोर्चा और प्रकोष्ठ के पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी अभियान में शामिल रहेंगे।