खरखरा बांध का सर्वेक्षण राशि मिलने के बाद, रमन ने उठाया मामला

सर्वेक्षण करने विभाग ने मांगे 1 करोड़
रायपुर(realtimes) छत्तीसगढ़ विधानसभा में पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह ने राजनांदगांव नगर निगम को अमृत मिशन के तहत खरखरा बांध से जल प्रदाय करने के लिए सर्वेक्षण का मामला उठाया। रमन ने सदन में पूछा कि जल संसाधन विभाग द्वारा सर्वेक्षण करने हेतु किस प्रकार का प्रस्ताव भेजा। प्रस्ताव में विभाग द्वारा कितनी राशि की मांग की गई। क्या उक्त राशि का आवंटन कर दिया गया। इस पर कृषि मंत्री रविंद्र चौबे ने कहा कि सर्वेक्षण करने के लिए विभाग द्वारा 1 करोड़ की राशि मांग की। राजनांदगांव नगर निगम ने मांग की है, जो अब तक अप्राप्त है। यह राशि प्राप्त होने के बाद सर्वेक्षण किया जाएगा।
अमानक उर्वरक कंपनियों के विरुद्ध कार्रवाई का मामला उठा
पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने अमानक उर्वरक कंपनियों के विरुद्ध कार्रवाई का मामला उठाया। पूछा कि वर्ष 2018 -19 और 2019- 20 में विभिन्न कंपनियों के कितने उर्वरकों का सैंपल लिए गए। क्या इन कंपनियों से किसानों को मुआवजा या क्षतिपूर्ति राशि दिलाई गई? सवाल पर कृषि मंत्री रविंद्र चौबे ने लिखित उत्तर में बताया कि 2018-19 में 2870 औऱ वर्ष 2019-20 में 3379 नमूना भेजा गया। विश्लेषण हेतु प्रयोगशाला भेजा गया है। वर्ष 2018 -19 में 2610 नमूना मानक और 185 नमूना अमानक पाए गए। 2019 – 20 में 3034 नमूना मानक और 202 नमूना अमानक पाया गया। आमानक पाए उर्वरक की बिक्री पर प्रतिबंध लगा दिया गया।