नए कृषि कानूनों से हिन्दुस्तान के 40 प्रतिशत लोग बेरोजगार हो जाएंगे: Rahul Gandhi

जयपुर। कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने आज किसान आंदोलन को लेकर केन्द्र की नरेन्द्र मोदी सरकार पर जमकर निशाना साधा है। हनुमानगढ़ के पीलीबंगा में किसान सभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि नए कानून से मंडी समाप्त हो जाएगी। नए कानून से जमाखोरी बढ़ेगी। इसे हिन्दुस्तान के सबसे अमीर लोग करेंगे।
यह किसानों पर आक्रमण नहीं, हिन्दुस्तान की 40 प्रतिशत जनता पर आक्रमण है। इन कानूनों के लागू होने से हिन्दुस्तान के 40 प्रतिशत लोग बेरोजगार हो जाएंगे। तीन चार लोगों के पास चालीस प्रतिशत बिजनेस चला जाएगा। इन कानूनों से किसान बर्बाद हो जाएंगे। उन्होंने कहा कि चार लोग इस देश की सरकार चला रहे हैं।
उन्होंने इस दौरान पीएम मोदी पर जुबानी प्रहार करते हुए कहा कि मोदी अपने अमीर दोस्तों के लिए रास्ता साफ करना चाहते हैं।
इस दौरान मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट लंबे सियासी संग्राम के बाद एक बार फिर से मंच पर दिखाई दिए। वहीं राहुल गांधी के कार्यक्रम में कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी अजय माकन और प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा भी मौजूद है।