इतनी भी क्या गर्मी : जयपुर में महिला कांस्टेबल ने युवक को मास्क पहनने की सलाह दी तो युवक ने नाक पर जड़ दिया पंच, महिला कांस्टेबल की नाक की हड्डी टूटी

जयपुर। राजस्थान की राजधानी जयपुर से राजस्थान पुलिस से जुड़ा एक मामला आज यानि मंगलवार को सामने आया। मामले में एक महिला कांस्टेबल के साथ मारपीट की खबर है। बताया गया है कि जयपुर के एक सार्वजनिक पार्क में ड्यूटी पर तैनात निर्भया स्क्वाड की एक महिला कांस्टेबल ने जब एक युवक को पार्क में मास्क लगाकर बैठने की सलाह दी तो उसने महिला कांस्टेबल को लोहे की क्लिप निकालकर नाक पर पंच मार दिया। हमला इतना जोरदार था कि महिला कांस्टेबल की नाक की हड्डी टूट गई।
महिला कांस्टेबल के साथ हुई इस मारपीट का पूरा मामला गलता गेट थाना क्षेत्र में दिल्ली रोड पर ग्रीन वैली पार्क का है। जहाँ निर्भया स्क्वायड की महिला कांस्टेबल सोनू सोमवार को पार्क के नजदीक ड्यूटी प्वाइंट पर तैनात थी। उसी समय पार्क में मौजूद एक युवक शोर मचाने लगा। स्थानीय लोगों ने महिला कांस्टेबल सोनू से शिकायत की तो कांस्टेबल सोनू पार्क के अन्दर पहुंची। उसने युवक को मास्क पहनने एवं शोर नहीं मचाने के लिए टोका।
इस पर तमतमाते हुए युवक ने जेब में रखी लोहे की क्लिप से सोनू की नाक पर वार करके उसे घायल कर दिया। हल्ला मचने पर लोगों ने पीछा कर युवक को धरदबोचा। उसे गलतागेट थाना पुलिस को सौंप दिया। इस हमले में महिला कांस्टेबल की नाक की हड्डी पर गहरी चोट आई है। उसे अस्पताल पहुंचाया गया। गिरफ्तार किए गए युवक का नाम लोकेश कुमार है। वह गलतागेट इलाके में मंडी खटीकान स्थित पहाड़िया चौक का रहने वाला है।