किसानों की बात सुनने को तैयार नहीं है केन्द्र सरकार: Rahul Gandhi

इंटरनेट डेस्क। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने एक बार फिर से तीन नए कृषि कानूनों के विरोध में प्रदर्शन कर रहे किसानों को लेकर केन्द्र की नरेन्द्र मोदी सरकार पर निशाना साधा है।
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने अब कहा कि केन्द्र सरकार भीषण ठंड के बावजूद आंदोलन करने को मजबूर किसानों की बात सुनने को तैयार नहीं है। इसी कारण अब सरकार को बताना चाहिए कि किसानों को अभी कितनी आहुति देनी होगी।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने आज कहा कि कृषि कानूनों को हटाने के लिए हमारे किसान भाइयों को और कितनी आहुति देनी होगी।
वहीं कांग्रेस संचार विभाग के प्रमुख रणदीप सिंह सुरजेवाला ने भी मोदी सरकार पर इस मामले में तंज कसा है। सुरजेवाला ने कहा कि पिछले 17 दिनों में 11 किसान भाईयों की शहादत के बावजूद निरंकुश मोदी सरकार का दिल नहीं पसीज रहा।
गौरतलब है कि किसानों द्वारा नए कृषि कानूनों के विरोध में प्रदर्शन किया जा रहा है। किसानों ने केन्द्र सरकार से इन तीनों कानूनों को वापस लेने की मांग की है। इस मामले को लेकर अब किसानों ने सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा भी खटखटाया है। केन्द्र सरकार किसानों को कृषि कानूनों को वापस लेने के स्थान पर इनमें संशोधन करने का प्रस्ताव दे रही है।