मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
State

रायपुर, भिलाई और धमतरी में ED की एक साथ दबिश, सुबह-सुबह पहुंचीं टीमें; दस्तावेज और डिजिटल रिकॉर्ड खंगाले

रायपुर। छत्तीसगढ़ में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने शुक्रवार सुबह एक बार फिर बड़ी कार्रवाई शुरू की। एजेंसी की अलग-अलग टीमें राजधानी रायपुर के अलावा भिलाई और धमतरी में कई ठिकानों पर एक साथ पहुंचीं।

केंद्रीय सुरक्षा बलों के जवानों के साथ पहुंची टीमों ने सुबह से ही जांच-पड़ताल शुरू कर दी। अचानक हुई इस कार्रवाई से संबंधित इलाकों में हलचल मच गई।

सूत्रों के मुताबिक, ED के अधिकारियों ने ठिकानों पर मौजूद लोगों से पूछताछ की। साथ ही दस्तावेज, बैंक खातों से जुड़े रिकॉर्ड और इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस की जांच की जा रही है।

टीमों ने डिजिटल लेन-देन से जुड़े रिकॉर्ड भी खंगालने शुरू किए हैं। हालांकि, अब तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि किन लोगों या कारोबारियों के यहां छापेमारी की गई है।

किस मामले में कार्रवाई, आधिकारिक जानकारी का इंतजार

फिलहाल ED की इस कार्रवाई को लेकर एजेंसी की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। यह भी साफ नहीं है कि छापेमारी किसी पुराने घोटाले की जांच से जुड़ी है या किसी नए मामले में कार्रवाई की जा रही है।

गौरतलब है कि हाल ही में महादेव ऑनलाइन सट्टा केस में भी ED ने रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग में छापेमारी की थी। इस दौरान दिल्ली में मिले हवाला लेजर और करोड़ों रुपए के कथित लेन-देन की जांच की जानकारी सामने आई थी।

हालांकि, शुक्रवार को रायपुर, भिलाई और धमतरी में हुई दबिश का उस मामले से संबंध होने की अभी पुष्टि नहीं हुई है। एजेंसी की जांच पूरी होने के बाद ही कार्रवाई से जुड़ी विस्तृत जानकारी सामने आ सकेगी।

Related Articles

Back to top button