बिलासपुर में 120 करोड़ के 16 विकास कार्यों की सौगात: CM साय बोले- जनजातीय नायकों के बलिदान से लें प्रेरणा, शिक्षा और आत्मनिर्भरता से आगे बढ़ेगा समाज

जनजातीय गौरव दिवस समारोह में 28 प्रतिभाओं का सम्मान; बिरसा मुंडा और वीर नारायण सिंह के संघर्ष को किया याद
रायपुर। जनजातीय समाज का इतिहास साहस, स्वाभिमान और अपनी संस्कृति की रक्षा के संघर्ष का इतिहास है।
समाज को अब शिक्षा, कौशल और आत्मनिर्भरता के जरिए विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचना होगा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोमवार को बिलासपुर के लाल बहादुर शास्त्री स्कूल मैदान में आयोजित जनजातीय गौरव दिवस समारोह में यह बात कही।
इस दौरान उन्होंने रिमोट का बटन दबाकर करीब 120 करोड़ रुपए की लागत के 16 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया।
बिरसा मुंडा और वीर नारायण सिंह को किया याद
मुख्यमंत्री ने भगवान बिरसा मुंडा सहित देश के जनजातीय नायकों को नमन करते हुए कहा कि बिरसा मुंडा ने कम उम्र में अंग्रेजी शासन के खिलाफ संघर्ष छेड़ा और समाज को अपने अधिकारों के लिए संगठित किया।
छत्तीसगढ़ के वीर नारायण सिंह ने अकाल के समय भूखे लोगों की मदद कर अन्याय और शोषण के खिलाफ आवाज उठाई। उन्होंने युवाओं से नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह संग्रहालय जाकर जनजातीय नायकों के इतिहास को जानने की अपील की।
पीएम जनमन से दूरस्थ गांवों तक पहुंच रहीं सुविधाएं
साय ने कहा कि पीएम जनमन और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के जरिए दूरस्थ अंचलों में आवास, सड़क, बिजली, पेयजल, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।
विशेष पिछड़ी जनजातियों की बसाहटों तक मोबाइल मेडिकल यूनिट से स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई जा रही हैं। ओरछा और जगरगुंडा में एजुकेशन सिटी विकसित की जा रही हैं, ताकि दूरस्थ क्षेत्रों के बच्चों को बेहतर शिक्षा मिल सके।
उन्होंने कहा कि नक्सल प्रभावित रहे इलाकों में शांति स्थापित होने से विकास के नए रास्ते खुले हैं। अब वहां शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और आजीविका के अवसर बढ़ाए जा रहे हैं।
28 प्रतिभाओं का सम्मान
केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू और उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने भी जनजातीय नायकों के योगदान को याद किया। समारोह में बिरसा मुंडा के जीवन पर लघु फिल्म दिखाई गई और जनजातीय संस्कृति पर आधारित फोटो प्रदर्शनी लगाई गई। शिक्षा, खेल, कला और समाजसेवा में योगदान देने वाली 28 प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया।



