नेलसनार में बाढ़ के बीच प्रशासन की मानवीय पहल, फंसे यात्रियों को कराया भोजन - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
State

नेलसनार में बाढ़ के बीच प्रशासन की मानवीय पहल, फंसे यात्रियों को कराया भोजन

बीजापुर। भैरमगढ़ के समीप नेलसनार क्षेत्र में बाढ़ के कारण नेशनल हाईवे के अवरुद्ध होने से आवागमन प्रभावित हुआ। हाईवे पर पानी भरने के चलते कई यात्री रास्ते में फंस गए। ऐसे मुश्किल हालात में जिला प्रशासन ने यात्रियों के लिए भोजन की व्यवस्था कर राहत पहुंचाई।

26 सितंबर को दिन के समय करीब 150 यात्रियों को भोजन उपलब्ध कराया गया, जबकि रात में लगभग 70 मुसाफिरों के लिए भोजन की व्यवस्था की गई। बाढ़ के कारण रास्ते में लंबे समय तक फंसे यात्रियों के लिए प्रशासन की यह पहल मददगार साबित हुई। यात्रियों ने विपरीत परिस्थितियों में भोजन उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन का आभार जताया।

कलेक्टर विश्वदीप के मार्गदर्शन में जिले का प्रशासनिक अमला बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है। संबंधित क्षेत्रों के एसडीएम, तहसीलदार सहित मैदानी अधिकारी और कर्मचारी मौके पर मौजूद रहकर हालात की निगरानी कर रहे हैं।

बाढ़ प्रभावित इलाकों में प्रशासनिक टीम के साथ एसडीआरएफ की टीम भी राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई है। प्रभावित और फंसे हुए लोगों तक आवश्यकता के अनुसार सहायता पहुंचाई जा रही है। प्रशासन की प्राथमिकता लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल मदद उपलब्ध कराने की है।

जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि बाढ़ प्रभावित मार्गों पर अनावश्यक आवागमन से बचें। जलभराव वाले रास्तों पर जोखिम लेकर वाहन न चलाएं और स्थानीय प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। प्रशासन ने लोगों से मौसम और सड़क की स्थिति को देखते हुए यात्रा करने तथा किसी भी आपात स्थिति में संबंधित अधिकारियों से संपर्क करने की अपील की है।

Related Articles

Back to top button