बजट 2027-28 की तैयारी तेज, 12 अक्टूबर से होगी चर्चा - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
business

बजट 2027-28 की तैयारी तेज, 12 अक्टूबर से होगी चर्चा

नई दिल्ली। वित्त मंत्रालय केंद्रीय बजट 2027-28 की तैयारियों के तहत 12 अक्टूबर से बजट-पूर्व बैठकों की शुरुआत करेगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ये बैठकें 13 नवंबर तक चलेंगी।

वित्त मंत्रालय के बजट विभाग ने बुधवार को जारी एक नोटिस में बताया कि वित्त वर्ष 2027-28 के केंद्रीय बजट से जुड़ी बजट पूर्व बैठकें 12 अक्टूबर से शुरू होकर निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 13 नवंबर, 2026 तक चलेंगी।

एक माह तक चलने वाली इस बैठक की सूचना सभी मंत्रालयों और विभागों को भी भेजी गई है। इसमें व्यय विभाग के साथ होने वाली बैठकों का कार्यक्रम दिया गया है।

मंत्रालय ने कहा, ‘‘अनुदान और विनियोग के संबंध में चालू वित्त वर्ष 2026-27 के संशोधित अनुमान और 2027-28 के केंद्रीय बजट अनुमान को अंतिम रूप देने के लिए बजट-पूर्व चर्चा 12 अक्टूबर से व्यय सचिव की अध्यक्षता में शुरू होगी।’’

मंत्रालय ने कहा कि विभिन्न आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए यह कार्यक्रम तैयार किया गया है और इसे काफी पहले जारी किया जा रहा है। सूचना के अनुसार मंत्रालयों और विभागों को बैठकों के लिए जरूरी जानकारी छह अक्टूबर, 2026 तक जमा करनी होगी।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ये बैठकें 13 नवंबर तक चलेंगी। बजट-पूर्व बैठकों के पूरा होने के बाद वित्त वर्ष 2027-28 के बजट अनुमानों को अस्थायी रूप से अंतिम रूप दिया जाएगा।

अगले वित्त वर्ष के बजट में आर्थिक वृद्धि को और तेज करने के लिए सुधारों को आगे बढ़ाने के साथ रोजगार सृजन और घरेलू मांग को बढ़ावा देने के उपायों पर जोर दिए जाने की उम्मीद है।

उल्लेखनीय है कि अगामी वित्त वर्ष 2027-28 का केंद्रीय बजट एक फरवरी को पेश किए जाने की संभावना है। यह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अगुवाई वाली सरकार के तीसरे कार्यकाल का चौथा बजट और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का लगातार दसवां बजट होगा।

 

Related Articles

Back to top button