Delhi sleeper bus gangrape: रास्ता भटकते ही हवस का शिकार - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
national

Delhi sleeper bus gangrape: रास्ता भटकते ही हवस का शिकार

देश की राजधानी दिल्ली के कश्मीरी गेट इलाके में 4 अगस्त की रात एक चलती खाली स्लीपर बस के अंदर 16 वर्षीय छात्रा के साथ गैंगरेप की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले की रहने वाली 11वीं कक्षा की पीड़िता भारी बारिश और अंधेरे के कारण रास्ता भटक गई थी, जिसका फायदा उठाकर आरोपियों ने उसे बस में बैठाया और वारदात को अंजाम दिया। घबराई पीड़िता की शिकायत पर कश्मीरी गेट पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी बस ड्राइवर कुलदीप और कंडक्टर संदीप को तिमारपुर की एक बस पार्किंग से गिरफ्तार कर लिया है।

रास्ता भटकने पर बस में सवार हुई थी छात्रा

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, पीड़िता अपने घरवालों से नाराज होकर बिना बताए निकली थी और नोएडा में रहने वाले अपने चचेरे भाई के पास जा रही थी। भारी बारिश और अंधेरे के कारण वह गलती से परी चौक पर उतर गई। इसी दौरान वहां से गुजर रही एक खाली स्लीपर बस को उसने रुकने का इशारा किया। बस के ड्राइवर और कंडक्टर ने छात्रा को नोएडा सेक्टर-63 छोड़ने की बात कहकर बस के अंदर बैठा लिया।

47 किलोमीटर के सफर में दरिंदगी और धमकी

बस चलने के कुछ ही देर बाद कंडक्टर ने छात्रा के साथ अश्लील हरकतें शुरू कर दीं। इसके बाद ड्राइवर और कंडक्टर दोनों ने मिलकर पीड़िता के साथ बलात्कार किया और विरोध करने पर उसे जान से मारने की धमकी दी। परी चौक से कश्मीरी गेट तक करीब 47 किलोमीटर के इस सफर के दौरान बस स्लीपर होने और खिड़कियों पर पर्दे लगे होने की वजह से बाहर किसी राहगीर को अंदर की दरिंदगी दिखाई नहीं दी।

तिमारपुर से गिरफ्तार हुए आरोपी, बस की फॉरेंसिक जांच जारी

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी देर रात पीड़िता को कश्मीरी गेट बस अड्डे के पास रिंग रोड पर उतारकर मौके से फरार हो गए। पीड़िता ने कश्मीरी गेट थाना पुलिस से संपर्क कर पूरी घटना की जानकारी दी। पुलिस ने तिमारपुर बस पार्किंग से दोनों आरोपियों को दबोच लिया और घटना में इस्तेमाल स्लीपर बस को जब्त कर उसकी फॉरेंसिक जांच शुरू कर दी है। जांच में सामने आया कि आरोपी बस में आई खराबी को सूरजपुर की वर्कशॉप में ठीक कराने के बाद उसे खाली ही तिमारपुर पार्किंग ले जा रहे थे।

दिल्ली में पहले भी घटी है ऐसी घटना

राजधानी में महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा पर सवाल उठाती यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे कुछ महीने पहले भी दिल्ली के भजनपुरा इलाके में एक 6 साल की मासूम बच्ची के साथ गैंगरेप की वारदात सामने आई थी।

Related Articles

Back to top button