रायगढ़ : दादा के साथ राशन लेकर लौट रही 15 वर्षीय किशोरी को ट्रेलर ने कुचला, माैत


रायगढ़। रायगढ़ शहर के सीएमओ चाैराहा के पास रविवार सुबह स्कूटी से अपने दादा के साथ सरकारी दुकान से चावल लेकर लौट रही 15 वर्षीय किशोरी की ट्रेलर की ठोकर से मौत हो गई। वहीं दादा घायल हाे गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार किशोरी अपने दादा के साथ स्कूटी में बैठकर भगवानपुर स्थित सरकारी राशन दुकान से चावल लेकर लौट रही थी। जैसे ही वह सीएमओ तिराहा के समीप पहुंचे, तेज रफ्तार ट्रेलर ने स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयावह थी कि किशोरी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दादा घायल हाेकर बेसुध हो गए।
बताया जा रहा है कि मृतक किशोरी का परिवार कृष्णापुर क्षेत्र में निवास करता है, लेकिन उनका राशन कार्ड भगवानपुर की सरकारी दुकान से जुड़ा हुआ है। इसी वजह से दादा अपनी पोती को साथ लेकर राशन लेने गए थे।
घटना के बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। आक्रोशित नागरिकों ने मुआवजे, दोषी चालक पर कठोर कार्रवाई और चौक पर स्थायी सुरक्षा इंतजाम की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। खबर लिखे जाने तक प्रदर्शन जारी था और माहौल तनावपूर्ण बना हुआ था।



