राजस्थान ने मुंबई को 27 रनों से दी शिकस्त लगाई जीत की हैट्रिक

आईपीयल : इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के 13वें मैच में राजस्थान रॉयल्स ने 5 बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस को हराकर जीत की हैट्रिक लगाई। गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में राजस्थान ने शानदार जीत दर्ज की। राजस्थान ने यशस्वी जायसवाल के शानदार अर्धशतक और फिर घातक गेंदबाजी की बदौलत मुंबई को 27 रनों से हराया।
बारिश के कारण टॉस देरी से हुआ, जिसके चलते मैच 11-11 ओवर का करना पड़ा। मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या ने टॉस जीता। हार्दिक ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए राजस्थान रॉयल्स ने यशस्वी जायसवाल के धमाकेदार अर्धशतक की दम पर 150/3 रनों का स्कोर खड़ा किया। यशस्वी जायसवाल ने 32 गेंदों पर नाबाद 77 रनों की पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी में 10 चौके और 4 छक्के जड़े।
राजस्थान रॉयल्स के स्कोर के जवाब में मुंबई इंडियंस की पारी का आगाज बेहद खराब रहा। मुंबई ने 46 रन पर ही अपने 5 विकेट खो दिए। इसके बाद शेरफेन रदरफोर्ड और नमन धीर ने पारी को संभालने की पूरी कोशिश की लेकिन राजस्थान के गेंदबाजों ने मैच पर पूरी तरह पकड़ बनाते हुए मुंबई को बैकफुट पर धकेल दिया। 9 ओवर में 103 रन पर मुंबई के 7 बल्लेबाज पवेलियन लौट चुके थे। अगले 2 ओवर में भी बल्लेबाजों का आउट होने का सिलसिला जारी रहा और मुंबई की टीम 11 ओवर खत्म होने तक 9 विकेट खोकर सिर्फ 123 रन ही बना सकी।
गौरतलब है कि राजस्थान रॉयल्स अपने दूसरे मैच में रोमांचक जीत दर्ज करने में सफल रही थी। रियान पराग की कप्तानी वाली राजस्थान ने अहमदाबाद में खेले गए हाई-स्कोरिंग मुकाबले में गुजरात टाइटंस को महज 6 रनों से मात दी थी।
दूसरी तरफ, मुंबई इंडियंस ने सीजन का आगाज जीत से किया, लेकिन दूसरे मैच में जीत को लय को बरकरार नहीं रख सकी। मुंबई इंडियंस को अपने पिछले मैच में दिल्ली कैपिटल्स के हाथों 6 विकेट से हार का सामना करना पड़ा था। अब टीम को लगातार दूसरे मैच में हार का मुंह देखना पड़ा है। मुंबई अब अपना अगला मुकाबला 12 अप्रैल को डिफेंडिंग चैंपियन RCB से अपने घर में खेलेगी।
राजस्थान रॉयल्स (प्लेइंग इलेवन): वैभव सूर्यवंशी, यशस्वी जयसवाल, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रियान पराग (कप्तान), शिम्रोन हेटमायर, डोनोवन फरेरा, रवींद्र जड़ेजा, जोफ्रा आर्चर, नंद्रे बर्गर, तुषार देशपांडे, संदीप शर्मा
मुंबई इंडियंस (प्लेइंग इलेवन): रोहित शर्मा, रयान रिकेल्टन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पंड्या (कप्तान), नमन धीर, शार्दुल ठाकुर, दीपक चाहर, एएम गजनफर, ट्रेंट बोल्ट, जसप्रीत बुमराह



