मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
Sports

IND vs NZ: टीम इंडिया ने टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जीतकर रचा इतिहास

नई दिल्ली। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में टीम इंडिया ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में न्यूजीलैंड को 96 रनों हराकर इतिहास रच दिया है। टीम इंडिया टी20 वर्ल्ड कप का खिताब डिफेंड करने वाली पहली टीम बन गई है। वहीं पहली बार होम टीम ने टी20 वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम किया है। इससे पहले मेजबानी करते हुए कोई भी टीम टी20 वर्ल्ड कप का खिताब नहीं जीत पाई थी। लेकिन अब ये कारनामा टीम इंडिया ने कर दिखाया है। फाइनल में टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में पांच विकेट के नुकसान पर 255 रन बनाए थे। जवाव में कीवी टीम 19 ओवर में 159 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। यह टी20 वर्ल्ड कप फाइनल में रनों के हिसाब से सबसे बड़ी जीत है।

टीम इंडिया के तीन बल्लेबाजों ने लगाया अर्धशतक
टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया को अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों ने मिलकर पहले विकेट के लिए 98 रन जोड़े। अभिषेक इस मैच में 21 बॉल में छह चौके और तीन छक्के की मदद से 52 रन बनाए। वहीं सैमसन अपना शतक लगाने से चूक गए, उन्होंने 46 बॉल में 5 चौके और 8 छक्के की मदद से 89 रन बनाए। ईशान किशन ने भी इस मैच में टीम इंडिया के लिए 25 गेंदों में 54 रन की ताबड़तोड़ पारी खेली, जिसमें चार चौके और चार छक्के लगाए। सूर्यकुमार यादव का बल्ला इस मैच में नहीं चला। वह गोल्डन डक पर आउट हुए। वहीं तिलक वर्मा ने 6 बॉल में 8 रन बनाए। आखिरी के ओवरों में शिवम दुबे ने भी तेज गति से रन बनाए। उन्होंने 8 बॉल में तीन चौके और दो छक्के की मदद से 26 रन बनाए। हार्दिक ने भी 13 बॉल में 18 रन का योगदान दिया। न्यूजीलैंड की तरफ से जेम्स नीशम ने सबसे ज्यादा 3 विकेट लिए।

बड़े टारगेट के दबाव में बिखरे न्यूजीलैंड के बल्लेबाज
लक्ष्य का पीछा करने उतरी कीवी टीम के बल्लेबाज पारी के शुरुआत ही दबाव में दिखे। पहले विकेट के लिए टिम सीफर्ट और फिन एलन ने तेज गति से 31 रन जरूर जोड़े। लेकिन पहला विकेट गिरने के बाद कीवी टीम बिखर गई। न्यूजीलैंड के लिए सबसे ज्यादा रन टिम सीफर्ट ने बनाए। उन्होंने 26 गेंदों पर 2 चौके और पांच छक्के की मदद से 52 रन की पारी खेली। कीवी टीम की तरफ से सात बल्लेबाज सिंगल डिजिट स्कोर में ही आउट हुए। सिर्फ 72 के स्कोर पर न्यूजीलैंड की आधी टीम पवेलियन लौट चुकी थी। डेरिल मिचेल ने इस मुकाबले में 11 बॉल में 17 रन बनाए। न्यूजीलैंड की तरफ से दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज कप्तान मिचेल सैंटनर रहे, उन्होंने 35 बॉल में 43 रन की पारी खेली। टीम इंडिया की गेंदबाजी की बात करें तो वहां जसप्रीत बुमराह ने सबसे ज्यादा 4 विकेट लिए। वहीं अक्षर पटेल के खाते में तीन विकेट लिए। 

Related Articles

Back to top button