मुख्यमंत्री के सलाहकार नियुक्त हुए वरिष्ठ पत्रकार आर. कृष्णा दास, मिलेगा कैबिनेट मंत्री का दर्जा

रायपुर: छत्तीसगढ़ सरकार ने वरिष्ठ पत्रकार आर. कृष्णा दास को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का सलाहकार नियुक्त किया है। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी आधिकारिक आदेश के अनुसार, श्री दास मुख्यमंत्री को मीडिया प्रबंधन सहित विभिन्न महत्वपूर्ण नीतिगत विषयों पर अपनी विशेषज्ञ सलाह देंगे।
इस नियुक्ति की खास बात यह है कि कार्यभार ग्रहण करते ही उन्हें कैबिनेट मंत्री का दर्जा दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त, उन्हें राज्य शासन के विशेष सचिव के समान वेतनमान और अन्य प्रशासनिक सुविधाएं भी मिलेंगी। बिजनेस स्टैंडर्ड जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में लंबे समय तक छत्तीसगढ़ प्रमुख के रूप में अपनी सेवाएं देने वाले श्री दास को शासन-प्रशासन और खोजी पत्रकारिता का गहरा अनुभव है। राजनीतिक हलकों में इस कदम को सरकार के संचार तंत्र को अधिक पेशेवर और पारदर्शी बनाने की कवायद के रूप में देखा जा रहा है।



