रायपुर , अम्बिकापुर समेत छत्तीसगढ़ के कई जिलों में कड़ाके की ठंड

रायपुर । छत्तीसगढ़ में कड़ाके की ठंड पड़ रही है।प्रदेश में बीते 24 घंटों के दौरान मौसम पूरी तरह शुष्क रहा। कई जिलों में रात का पारा दो डिग्री तक कम हो गया है। अम्बिकापुर में तापमान 6-7°C पहुंच गया है। वहीं रायपुर में 12-13°C और दुर्ग में 11-12 °C के आसपास न्यूनतम तापमान चल रहा है। मौसम विभाग ने अगले दो से तीन दिन तक इस तापमान में कोई विशेष बदलाव होने की संभावना नहीं जताई है।
पिछले 24 घंटे की बात करें तो सबसे ज्यादा तापमान 27.8 °C जगदलपुर और सबसे कम न्यूनतम तापमान 07.4°C अंबिकापुर में दर्ज किया गया है। स्थिति को देखते हुए स्थानीय प्रशासन ने अलाव की व्यवस्था की है। रायपुर में नगर निगम ने कई जगह अलाव की व्यवस्था की है। मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, राजधानी रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, बालोद, बेमेतरा, बलौदाबाजार, कोरबा, बलरामपुर, दंतेवाड़ा, जांजगीर-चांपा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही समेत कई अन्य जिलों में तापमान में और गिरावट आएगी।
रायगढ़ जिले में तापमान लगातार कम हो रहा है। 5 दिसंबर तक न्यूनतम तापमान 12.4 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 26.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। आसमान में बादल छाए रहने के कारण दिन में भी हल्की ठंड महसूस हो रही है। पिछले दो दिनों में ठंड बढ़ गई है।जशपुर, पेंड्रा सहित ऊंचाई वाले इलाकों में शाम ढलते ही ठंड हड्डियों तक चुभने लगी है और लोग गर्म कपड़ों व आग जलाकर बचाव कर रहे हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में अगले दो दिनों तक मौसम शुष्क रहेगा। न्यूनतम तापमान में 1 से 3 डिग्री तक गिरावट की सम्भावना है, जिसके बाद फिलहाल कोई बड़ा बदलाव नहीं दिखेगा। उत्तर से आ रही ठंडी हवाएं रात और सुबह के तापमान को और गिराएंगी।मौसम विभाग ने लोगों से बिना गर्म कपड़े पहने घर से न निकलने की सलाह दी है। मौसम विभाग ने कहा कि, अति आवश्यक काम होने पर ही गर्म कपड़े पहनकर घर से बाहर निकले।



