मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
Sports

महिला क्रिकेट विश्व कप विजेता दीप्ति का आगरा में भव्य स्वागत

आगरा। महिला क्रिकेट विश्व कप विजेता टीम की स्टार क्रिकेटर दीप्ति शर्मा गुरुवार को विश्व कप जीतने के बाद पहली बार अपने गृह जनपद आगरा पहुंची। जहां आगरा की जनता और विभिन्न संगठनों द्वारा ढोल नगाड़ों और पुष्प वर्षा के बीच रोड शो निकाल कर आगरा की बेटी का दिल खोलकर स्वागत किया गया। स्टार क्रिकेटर दीप्ति शर्मा आज गुरुवार दोपहर बाद करीब 2 बजे नोएडा से सीधे आगरा पहुंची। यहां कैलाशपुरी मोड़ स्थित होटल से एक खुली गाड़ी में ढोल नगाड़ों – रंग बिरंगी गुब्बारों और भारत माता की जय के नारों पुष्पवर्षा के बीच रोड शो शुरू हुआ। 

दीप्ति के साथ भारतीय क्रिकेट टीम की पूर्व कप्तान और रेलवे की हेड कोच हेमलता काला, क्रिकेटर पूनम यादव भी साथ रहीं। इस दौरान छात्र-छात्राएं, खेल और सामाजिक संगठनों से जुड़े खिलाड़ी और प्रबुद्ध नागरिक मौजूद रहे। सड़क के किनारे के मकानों की छतों पर बड़ी संख्या में स्त्री, पुरुष और बच्चे दीप्ति शर्मा की एक झलक पाने के लिए आतुर दिखे। 

प्रमुख चौराहा को फूलों को गुब्बारों से सजाया गया था। रोड शो आवास विकास, कारगिल चौराहा, बोदला चौराहा, मारुति स्टेट होकर अवधपुरी होते हुए नेक्स्ट क्रिकेट अकादमी पर संपन्न हुआ। समापन पर नेक्स्ट क्रिकेट अकादमी में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। घर पहुंचने पर मां सुशीला शर्मा ने आरती उतार कर स्वागत किया। 

इस दौरान उन्होंने कहा यह सम्मान सिर्फ मेरा नहीं, हर उस लड़की का है जो सपने देखने की हिम्मत रखती है। इस दौरान जिला प्रशासन द्वारा पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया। हाल ही में महिला क्रिकेट विश्व कप के लिए खेले गए टूनार्मेंट में दीप्ति को शानदार प्रदर्शन के लिए वर्ल्ड कप 2025 में प्लेयर आॅफ द टूनार्मेंट का अवॉर्ड मिला है। उन्होंने वर्ल्ड कप में 215 रन बनाए और 22 विकेट लिए।

Related Articles

Back to top button