मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
State

सक्ती के RKM पावर प्लांट में बड़ा हादसा, 40 मीटर की ऊंचाई से गिरी लिफ्ट, 3 श्रमिकों की मौत- Hum Samvet

छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले स्थित RKM पावर प्लांट में मरम्मत के दौरान लिफ्ट 40 मीटर ऊंचाई से गिरने से तीन मजदूरों की मौत हो गई और सात घायल हो गए। सभी घायलों को रायगढ़ रेफर किया गया है।

सक्ती। सक्ती जिले के उच्चपिंडा स्थित आरकेएम पावर प्लांट में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ। मरम्मत कार्य के दौरान पावर प्लांट की लिफ्ट अचानक 40 मीटर की ऊंचाई से गिर गई, जिसमें सवार तीन मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि सात से अधिक मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, सभी मजदूर पावर प्लांट के बॉयलर की मरम्मत के लिए ऊपरी मंजिल पर जा रहे थे। लिफ्ट को लगभग 75 मीटर की ऊंचाई तक पहुंचना था, लेकिन बीच में ही तकनीकी खराबी आने से यह लगभग 40 मीटर की ऊंचाई से नीचे आ गिरी। हादसे की आवाज सुनकर मौके पर मौजूद अन्य कर्मियों में अफरा-तफरी मच गई।

घटना के तुरंत बाद सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया। जहां से उन्हें गंभीर स्थिति को देखते हुए रायगढ़ रेफर कर दिया गया है। डॉक्टरों के अनुसार फिलहाल सभी घायल मजदूरों की हालत स्थिर बताई जा रही है। इस हादसे के बाद प्लांट प्रबंधन और प्रशासन पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। क्या मरम्मत कार्य के दौरान सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए गए थे? क्या लिफ्ट की तकनीकी जांच समय पर की गई थी? क्या साइट पर विशेषज्ञ इंजीनियर मौजूद थे? इन सभी सवालों को लेकर स्थानीय प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है।

हादसे के बाद प्लांट के अन्य मजदूरों में आक्रोश फैल गया है। मृतकों और घायलों के परिजन मुआवजे और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। मौके पर पुलिस बल तैनात की गई है ताकि स्थिति नियंत्रण में रहे।

Related Articles

Back to top button